हरियाणा/हिसार- जिला नूंह के जिला अध्यक्ष लंबरदार एवं भाजपा जिला सचिव अधिवक्ता दिनेश नागपाल ने हरियाणा में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आज प्रदेश प्रगति की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व में हरियाणा ने विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं।
दिनेश नागपाल ने कहा कि यह गर्व की बात है कि आज हरियाणा का प्रत्येक जिला राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ा हुआ है, जिससे न केवल आवागमन सुगम हुआ है बल्कि व्यापार, उद्योग और रोजगार के नए अवसर भी पैदा हुए हैं। मजबूत सड़क नेटवर्क ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति दी है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा सभी जिलों में मेडिकल कॉलेजों की स्थापना का निर्णय आमजन के लिए वरदान साबित हो रहा है। इससे स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी और युवाओं को मेडिकल शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
भाजपा नेता दिनेश नागपाल ने महिलाओं के लिए चलाई जा रही लाडो लक्ष्मी योजना की सराहना करते हुए कहा कि जिन महिलाओं की वार्षिक आय एक लाख रुपये से कम है, उन्हें सरकार द्वारा 2100 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता देना महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक मजबूत कदम है। यह योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभा रही है।
उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका नेतृत्व सरल, पारदर्शी और जनकल्याण को समर्पित है। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में हरियाणा “सबका साथ, सबका विकास” के संकल्प को साकार कर रहा है और आने वाले समय में प्रदेश विकास का नया मॉडल बनेगा।