हरियाणा/हिसार:- भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में आज पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा हरियाणा प्रदेश का बजट 2026-27 सामूहिक रूप से पूर्व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता के नेतृत्व में सुना गया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़ विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम से पूर्व भारतीय संस्कृति के महापर्व होली महोत्सव के अवसर पर सभी ने एक-दूसरे को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि हरियाणा सरकार का यह बजट “सबका साथ, सबका विकास” की भावना को साकार करने वाला, सभी वर्गों के लिए जनकल्याणकारी एवं विकासोन्मुखी है। उन्होंने कहा कि इस बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, ऊर्जा और युवाओं के भविष्य को विशेष प्राथमिकता दी गई है।
डॉ. गुप्ता ने बताया कि हिसार में पशु चिकित्सा सेवाओं के लिए 30 करोड़ रुपये तथा खाद्य प्रयोगशाला के लिए 24 करोड़ रुपये का प्रावधान क्षेत्र के विकास को नई गति देगा। इससे किसानों, पशुपालकों और आम नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रत्येक 10 किलोमीटर के दायरे में शिक्षा केंद्र खोलने की योजना से ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी। वहीं हांसी को मॉडर्न जिला बनाए जाने की घोषणा से आसपास के क्षेत्रों का समग्र विकास सुनिश्चित होगा।
किसानों के लिए अलग से बिजली निगम की स्थापना तथा नए बिजली घरों के निर्माण से बिजली की पर्याप्त आपूर्ति संभव होगी, जिससे कृषि और उद्योग दोनों को मजबूती मिलेगी। बजट में एआई मिशन के तहत एक लाख युवाओं को प्रशिक्षित करने की योजना को डॉ. गुप्ता ने भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप बताया।
उन्होंने बताया कि योजनाओं को चार विभागों में विभाजित कर प्राथमिकता देना, विशेष रूप से वृद्धजनों एवं महिलाओं के लिए अलग प्रावधान करना, सरकार की संवेदनशील सोच को दर्शाता है। 
जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड नें इस अवसर पर कहा की हरियाणा बजट 2026-27 प्रदेश को विकास, रोजगार और समृद्धि की नई दिशा देने वाला ऐतिहासिक बजट है, जिससे हर वर्ग को लाभ मिलेगा।