हरोली/ऊना, 5 जून (राजवीर चोपड़ा):- विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हरोली ब्लॉक इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन द्वारा सूरी पॉलेक्स के निकट भव्य शुक्रवार को वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना, हरित वातावरण को बढ़ावा देना तथा प्रकृति के प्रति सामाजिक जिम्मेदारियों का संदेश देना रहा।
इस अवसर पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए और उनके संरक्षण व नियमित देखभाल का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी परवीन धीमान उपस्थित रहे। अपने संबोधन में परवीन धीमान ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि पर्यावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारियों को याद दिलाने का महत्वपूर्ण अवसर है।
उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के अत्यधिक दोहन के कारण पर्यावरण गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक, उद्योग और संस्था को पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। हरोली ब्लॉक इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश कौशल ने कहा कि उद्योग केवल आर्थिक विकास के केंद्र नहीं हैं, बल्कि समाज और पर्यावरण के प्रति उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है।
उन्होंने औद्योगिक विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता पर बल देते हुए सभी उद्योगों से हरित पहल को बढ़ावा देने, ऊर्जा संरक्षण अपनाने और प्रदूषण नियंत्रण मानकों का पालन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
वक्ताओं ने कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधे बड़े होकर पर्यावरण को वास्तविक लाभ पहुंचाएं। इस अवसर पर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष नगेंद्र सिंह, महासचिव रोहित वर्मा, सलाहकार आर.सी. तनेजा, रमेश कुमार (सूरी पॉलेक्स), दीपक पुरी, सत्य नारायण, वीरेंद्र शर्मा, महेश कुमार, अश्विनी शर्मा, राजबीर सिंह, विमल राणा, मनोज शर्मा, प्रेम चंद, प्रदीप कुमार तथा के.के. शर्मा सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
विश्व पर्यावरण दिवस पर हरोली ब्लॉक इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन ने चलाया भव्य वृक्षारोपण अभियान
