हरियाणा/अंबाला:– अंबाला शहर की नई सब्जी मंडी में हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड के नवनियुक्त चेयरमैन राजेश ठकराल के सम्मान में अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडी प्रधान अमरनाथ बिरला ने की, जबकि हरियाणा सब्जी मंडी एसोसिएशन के चेयरमैन हरीश धमीजा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मंडी के आढ़तियों ने दोनों अतिथियों का पगड़ी, शॉल और पुष्पमालाओं से भव्य स्वागत किया।
समारोह को संबोधित करते हुए हरीश धमीजा ने कहा कि प्रदेश के आढ़तियों को अब किसी भी प्रकार के अनावश्यक प्रशासनिक दबाव से घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि राजेश ठकराल लंबे समय से व्यापारी हितों के लिए संघर्ष करते रहे हैं। वर्ष 2021 में उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री एवं वर्तमान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से आढ़तियों की मुलाकात कराकर एकमुश्त मार्केट फीस व्यवस्था का मार्ग प्रशस्त कराया। इसके बाद एकमुश्त फीस लागू हुई तथा मार्केट फीस को 2 प्रतिशत से घटाकर 1 प्रतिशत किया गया। उन्होंने यह भी बताया कि एकमुश्त फीस पर वार्षिक वृद्धि 15 प्रतिशत के स्थान पर 5 प्रतिशत किए जाने में भी राजेश ठकराल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साथ ही 21 जनवरी 2025 को जारी अधिसूचना के माध्यम से एकमुश्त फीस विकल्प अपनाने वाले आढ़तियों को स्टॉक रजिस्टर एवं अन्य अभिलेखों के रखरखाव संबंधी अनावश्यक दबाव से भी राहत मिली।
अपने संबोधन में राजेश ठकराल ने कहा कि उन्होंने हमेशा समाज सेवा और व्यापारी हित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उन पर जो विश्वास जताते हुए व्यापारी कल्याण बोर्ड की जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर वह पूरी निष्ठा से खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि वे व्यापारियों की समस्याओं से भली-भांति परिचित हैं और उनका समाधान उनकी प्राथमिकता है। विशेष रूप से मंडी में शेड की समस्या का शीघ्र समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि व्यापारी वर्ग की किसी भी समस्या के समाधान के लिए वे सदैव प्रतिबद्ध रहेंगे।
कार्यक्रम के अंत में मंडी प्रधान अमरनाथ बिरला ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित आढ़तियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर शिव चंद्र तुली, तिलक राज, सुनील कुमार, कृष्ण लाल, मोहनजीत सिंह धमीजा, आशु बजाज, हरभजन सिंह, सोनू दुआ, श्याम लाल, शुभम, मुकेश सहित बड़ी संख्या में आढ़ती उपस्थित रहे। वहीं मार्केट कमेटी अंबाला के वाइस चेयरमैन गुलशन कालड़ा, सहसचिव बलकार सिंह एवं सुपरवाइजर जयपाल ने भी समारोह में भाग लेकर अतिथियों का अभिनंदन किया।