हरोली/ऊना 25 सितंबर (राजवीर चोपड़ा):- राजकीय उच्च विद्यालय ठकरां के विद्यार्थियों ने अंडर-14 खेल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। विद्यालय की छात्रा पहल धुग्गा ने अंडर-14 छात्रा वर्ग की शॉटपुट प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया।
वहीं विद्यालय के छात्र अश्वदीप सिंह ने अंडर-14 छात्र वर्ग की प्रतियोगिता में रजत पदक अपने नाम कर विद्यालय को गौरवान्वित किया।
दोनों खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, लगन और खेल प्रतिभा के दम पर यह उपलब्धि हासिल की। उनकी सफलता से विद्यालय में खुशी का माहौल है और अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है।
विद्यालय के मुख्याध्यापक, शारीरिक शिक्षा शिक्षक एवं समस्त स्टाफ ने दोनों खिलाड़ियों को उनकी शानदार उपलब्धि पर बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रोत्साहित किया जाता है।
दोनों होनहार खिलाड़ियों की उपलब्धि से राजकीय उच्च विद्यालय ठकरां के साथ-साथ क्षेत्र का भी गौरव बढ़ा है।
