हरोली/ऊना, 27 जून (राजवीर चोपड़ा):- हरोली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बाथू में गुरपलाह साहिब जाने वाले मुख्य मार्ग पर नालियों का गंदा पानी सड़क पर बहने से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार यह समस्या काफी समय से बनी हुई है, लेकिन अभी तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
बताया जा रहा है कि इस मार्ग पर नालियां तो बनी हुई हैं, लेकिन लंबे समय से उनकी नियमित सफाई नहीं होने के कारण वे गंदे पानी, कचरे और घास-फूस से पूरी तरह भर चुकी हैं। नालियों के अवरुद्ध होने से गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे आने-जाने वाले लोगों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।
स्थानीय लोगों कुलविंदर सिंह, राकेश सिंह, पाल सिंह, प्रकाश सिंह, चमेल सिंह, भाषी, अवतार सिंह व अन्य ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि नालियों की जल्द सफाई करवाई जाए तथा जल निकासी की उचित व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों और गुरुद्वारा साहिब आने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिल सके।
इस संबंध में ग्राम पंचायत बाथू की प्रधान मीना देवी ने बताया कि अभी पंचायत का औपचारिक गठन नहीं हुआ है। जैसे ही पंचायत का गठन होगा, पहली बैठक में रुके हुए विकास कार्यों के साथ-साथ सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए नालियों की सफाई और अन्य आवश्यक कार्य शुरू करवा दिए जाएंगे।
