संतोखगढ़/ऊना, 24 जुलाई (राजवीर चोपड़ा):- नगर परिषद संतोखगढ़ में जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने वाले एन्यूमरेटर्स, सुपरवाइजर्स तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मान में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर परिषद की अध्यक्षा अंजना चब्बा ने की, जबकि उपाध्यक्ष संदीप कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अध्यक्षा अंजना चब्बा ने जनगणना कार्य से जुड़े सभी एन्यूमरेटर्स और सुपरवाइजर्स को उनकी मेहनत, ईमानदारी तथा जिम्मेदारीपूर्ण कार्य के लिए बधाई देते हुए कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना भर नहीं है, बल्कि यह देश और प्रदेश की विकास योजनाओं की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सरकार विभिन्न क्षेत्रों की आवश्यकताओं का आकलन कर योजनाएं तैयार करती है और नागरिकों तक सुविधाओं का प्रभावी ढंग से लाभ पहुंचाती है।
उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य के दौरान कर्मचारियों ने घर-घर जाकर जानकारी एकत्र की और अनेक चुनौतियों के बावजूद अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, लगन और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन किया। उनकी कार्यशैली और समर्पण सराहनीय है तथा यह पूरे नगर परिषद परिवार के लिए गर्व का विषय है।
अध्यक्षा ने कहा कि इस सम्मान समारोह का उद्देश्य जनगणना कार्य में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सभी एन्यूमरेटर्स, सुपरवाइजर्स, अधिकारियों और कर्मचारियों की सेवाओं का सम्मान करना तथा उनका उत्साहवर्धन करना है। उन्होंने नगर परिषद की ओर से सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी के सहयोग और समर्पण से यह महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक पूरा हो सका।
कार्यक्रम के दौरान जनगणना कार्य से जुड़े एन्यूमरेटर्स और सुपरवाइजर्स ने अपने अनुभव भी साझा किए। उन्होंने घर-घर सर्वेक्षण के दौरान सामने आई चुनौतियों, आमजन के सहयोग तथा इस कार्य से मिली सीख को उपस्थित सभी लोगों के साथ साझा किया। उन्होंने जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य का हिस्सा बनने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का संकल्प दोहराया।
समारोह के दौरान जनगणना कार्य में उत्कृष्ट योगदान देने वाले एन्यूमरेटर्स एवं सुपरवाइजर्स को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर वार्ड नंबर-3 की पार्षद चरणजीत कौर, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी हर्ष गुप्ता, सैनिटरी इंस्पेक्टर आशुतोष शर्मा, जसविंदर सिंह, बलजीत सिंह, हरजिंदर सिंह, सुपरवाइजर रूचि, महक तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।