साहिबजादा अजीत सिंह नगर, 4 अगस्त:- जिले में 10 अगस्त को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय डी-वर्मिंग दिवस की तैयारियों का जायजा लेने और मुहिम को सफल बनाने के उद्देश्य से आज जिला प्रशासकीय कॉम्प्लेक्स में डिप्टी कमिश्नर श्रीमती कोमल मित्तल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक हुई। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला एवं बाल विकास विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए डिप्टी कमिश्नर ने सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल से काम करते हुए यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि 1 से 19 साल तक का कोई भी बच्चा एलबेंडाजोल की गोली लेने से वंचित न रहे। उल्लेखनीय है कि मॉप-अप दिवस 17 अगस्त को होगा ताकि किसी कारण गोली लेने से वंचित रह गए बच्चों को कवर किया जा सके।
श्रीमती कोमल मित्तल ने बताया कि सरकारी और प्राइवेट स्कूलों, कॉलेजों और आंगनवाड़ी केंद्रों में योग्य उम्र के बच्चों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार एलबेंडाजोल की गोली दी जाएगी। इसके साथ ही माता-पिता, अध्यापकों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को भी डी-वर्मिंग के महत्व के बारे में जागरूक किया जाए ताकि वे बच्चों को इस मुहिम में शामिल होने के लिए प्रेरित करें।
सिविल सर्जन डॉ. संगीता जैन ने बताया कि राष्ट्रीय डी-वर्मिंग दिवस (पेट-कीड़े मुक्ति दिवस) बच्चों को आंतों के कीड़ों से सुरक्षित रखने और उनके स्वास्थ्य, पोषण और सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करने के लिए अहम जन स्वास्थ्य मुहिम है। उन्होंने कहा कि डी-वर्मिंग से बच्चों में आंतों के कीड़ों के कारण होने वाली समस्याओं से बचाव होता है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा दवाइयों की उपलब्धता, प्रशिक्षण, माइक्रोप्लानिंग और जागरूकता गतिविधियां समय पर पूरी की जा रही हैं।
जिला टीकाकरण अफसर, डॉ. गिरीश डोगरा ने मुहिम की विस्तृत कार्य योजना पेश करते हुए बताया कि स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला एवं बाल विकास विभाग के सांझा प्रयासों से मुहिम को प्रभावी ढंग से सफल बनाया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित समय-सीमा के अंदर अपनी तैयारियां मुकम्मल करने के लिए कहा।
बैठक में समूह सीनियर मेडिकल अफसर (एस.एम.ओ.), जिला शिक्षा अफसर, महिला और बाल विकास विभाग के नुमाइंदे और अन्य संबंधित अधिकारी हाजिर थे।
जिले में 10 अगस्त को मनाया जाएगा डीवर्मिंग दिवस जिला प्रशासकीय कॉम्प्लेक्स में हुई तैयारियों संबंधी समीक्षा बैठक
