होशियारपुर, 22 जून: जिला योग एसोसिएशन द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस स्थानीय शक्ति मंदिर में बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला योग एसोसिएशन के अध्यक्ष, पूर्व कैबिनेट मंत्री, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं भारतीय योग फेडरेशन के सीनियर उपाध्यक्ष श्री तीक्ष्ण सूद ने की।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थियों, युवाओं तथा अन्य नागरिकों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2013 में स्थापित जिला योग एसोसिएशन राष्ट्रीय योग प्रतियोगिताओं के आयोजन के साथ-साथ प्रत्येक वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस और अन्य कई योग संबंधी गतिविधियों का सफल संचालन करती आ रही है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला योग एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों श्री रामदेव यादव, अनिल सूद, श्रीमती नीरजा सूद, संजीव शर्मा, सुमित कुमार सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। योग गुरु डॉ. प्रमोद शर्मा तथा श्रीमती अनीता जैसवाल ने प्रतिभागियों को विभिन्न योग क्रियाओं एवं आसनों का अभ्यास करवाया।
अपने संबोधन में श्री तीक्ष्ण सूद ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति और इतिहास की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कहा कि मुगल और अंग्रेजी शासनकाल के दौरान योग की परंपरा को काफी हद तक कमजोर किया गया, लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को पुनः वैश्विक पहचान मिली है और आज यह भारत के साथ-साथ पूरी दुनिया में लोकप्रिय हो रहा है।
उन्होंने कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करता है तथा अनेक बीमारियों से बचाव और स्वास्थ्य संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वर्तमान समय में योग के महत्व को देखते हुए पुलिस, सेना, अस्पतालों, विद्यालयों और विभिन्न सरकारी एवं निजी संस्थानों ने इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बना लिया है।
श्री सूद ने विद्यार्थियों को नियमित योगाभ्यास करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि योग शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य तथा प्रतियोगी परीक्षाओं सहित जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने की मजबूत सीढ़ी सिद्ध होता है।
इस अवसर पर जिला योग एसोसिएशन द्वारा पंजाब स्तरीय योग प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व मेयर शिव सूद, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष आनंद वीर सिंह, विनोद परमार, अर्चना जैन, अशोक सिंगला, संदीप कुमार, अविनाश सूद, नवदीप सूद, अनिल सूद, डॉ. के.के. पराशर, राकेश सूद, श्रीमती नमिता मल्होत्रा, अरुण सूद, प्रमोद सूद, डॉ. केशव सूद, जोगिंदर सिंह, आशीष सूद सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।