होशियारपुर:- शिरोमणि अकाली दल के हलका प्रभारी संजीव तलवार ने जिला प्रशासन पर तीखे हमले करते हुए आरोप लगाया है कि प्रशासन नगर निगम चुनाव कराने के लिए बिल्कुल भी गंभीर नहीं है। प्रशासन के खराब प्रबंधों के कारण पहले दिन कई उम्मीदवार अपने नामांकन पत्र (पर्चे) जमा करवाने से वंचित रह गए, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया का मजाक उड़ रहा है।
प्रेस को बयान जारी करते हुए संजीव तलवार ने कहा कि होशियारपुर नगर निगम के चुनाव पहले दिन से ही विवादों के घेरे में हैं। पहले वोटर सूचियों में बड़ी गलतियां सामने आईं, फिर उम्मीदवारों को वार्डों के नक्शे हासिल करने में मुश्किलें आईं। अब जब नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, तो पहले दिन दोपहर 1:00 बजे तक चुनाव केंद्रों पर प्रशासन द्वारा कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए थे।
उन्होंने खुलासा किया कि एक चुनाव केंद्र पर तो वोटर लिस्टें ही नहीं पहुंचाई गईं, जिसके कारण वहां फॉर्म जमा करने का काम प्रभावित हुआ। इस लापरवाही के कारण शिरोमणि अकाली दल के प्रतिनिधियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। तलवार ने कहा कि आज सरकार की नाकामियों के कारण शिरोमणि अकाली दल के 16 में से केवल पांच उम्मीदवार ही अपनी फाइलें जमा करवा पाए। तलवार ने कहा कि यह सब प्रशासन की सीधी नाकामी और नालायकी का सबूत है।
संजीव तलवार ने पंजाब चुनाव आयोग से पुरजोर अपील की है कि इन सभी शिकायतों का तुरंत गंभीर संज्ञान लिया जाए। चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए चुनाव केंद्रों पर तुरंत उचित और पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं ताकि किसी भी उम्मीदवार के लोकतांत्रिक अधिकार का हनन न हो।