संतोषगढ़/ऊना, 2 जून (राजवीर चोपड़ा):- ऊना विधानसभा क्षेत्र के बहड़ाला इलाके में एक दिलचस्प संयोग इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। क्षेत्र की तीन प्रमुख महिला जनप्रतिनिधियों के नाम में अद्भुत समानता देखने को मिल रही है, जिसे स्थानीय लोग ‘ट्रिपल एस’ (Triple S) का नाम दे रहे हैं।
लोअर बहड़ाला पंचायत की प्रधान **सुमन लता**, बहड़ाला पंचायत की प्रधान **सुमन देवी** तथा बहड़ाला क्षेत्र से निर्वाचित **बीडीसी सदस्य सुमन देवी** वर्तमान में जनसेवा की जिम्मेदारी निभा रही हैं। तीनों महत्वपूर्ण जनप्रतिनिधियों के नाम ‘सुमन’ होने के कारण यह अनोखा संयोग क्षेत्रभर में चर्चा का केंद्र बना हुआ है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि एक ही क्षेत्र में तीन महत्वपूर्ण जनप्रतिनिधियों का एक ही नाम होना अपने आप में विशेष बात है। हाल ही में संपन्न हुए पंचायत चुनावों के बाद यह संयोग सोशल मीडिया के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर भी लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है।
ग्रामीणों का मानना है कि नामों की यह समानता भले ही एक संयोग हो, लेकिन अब पूरे क्षेत्र में ‘ट्रिपल एस’ की चर्चा खूब सुनने को मिल रही है। लोगों को उम्मीद है कि तीनों जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों के विकास, जनकल्याण और बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगी तथा क्षेत्र की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।