हरोली/ऊना, 24 जून (राजवीर चोपड़ा):- नगर पंचायत टाहलीवाल के वार्ड नंबर-6 में सराय के समीप स्थित राजकीय आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र नंगल क्लां (टाहलीवाल) अरोग्य आयुष मंदिर, आंगनबाड़ी केंद्र तथा सराय भवन की हालत दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है। वर्षों से उचित रखरखाव न मिलने के कारण ये सार्वजनिक भवन जर्जर अवस्था में पहुंच चुके हैं, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, उक्त परिसर में पहले राजकीय आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित होता था। करीब छह वर्ष पूर्व नगर पंचायत कार्यालय के समीप नई इमारत बनने के बाद स्वास्थ्य केंद्र को वहां स्थानांतरित कर दिया गया। इसके बाद पुरानी भवन की देखरेख न होने से उसकी स्थिति लगातार खराब होती चली गई और आज वह खस्ताहाल अवस्था में पहुंच गई है।
इसी परिसर में संचालित होने वाला आंगनबाड़ी केंद्र भी भवन की जर्जर स्थिति के कारण कई वर्ष पहले किराये के भवन में स्थानांतरित कर दिया गया था। आंगनबाड़ी के लिए बने कमरे भी अब टूट-फूट का शिकार हैं और उपयोग के योग्य नहीं रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सराय के लिए बनाए गए दो कमरे भी रखरखाव के अभाव में उपेक्षा का शिकार हो चुके हैं। वहीं परिसर में मौजूद जर्जर इमारत किसी भी समय बड़ा हादसा होने का कारण बन सकती है। इसके बावजूद नगर पंचायत तथा संबंधित विभागों की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
क्षेत्रवासियों ने सवाल उठाया है कि सार्वजनिक धन से निर्मित इन भवनों की दुर्दशा के लिए आखिर जिम्मेदार कौन है। लोगों ने जिला प्रशासन, नगर पंचायत और संबंधित विभागों से मांग की है कि भवनों का जल्द सर्वे करवाकर आवश्यक मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके और सार्वजनिक संपत्तियों का संरक्षण सुनिश्चित हो सके।