गढ़शंकर, 3 अक्तूबर (हरी कृष्ण गंगड़):- हलका गढ़शंकर के गांव चहलपुर में आयोजित लोक मिलनी के दौरान पंजाब विधानसभा के डिप्टी स्पीकर एवं हलका विधायक स. जय कृष्ण सिंह रौड़ी ने गांव के विकास कार्यों के लिए 29 लाख रुपये की ग्रांट का चेक दिया। इस मौके डिप्टी स्पीकर रौड़ी ने गांववासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और जरूरतों के बारे में जानकारी हासिल की।
डिप्टी स्पीकर रौड़ी ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा गांवों के सर्वपक्षीय विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। सरकार का उद्देश्य गांवों में बुनियादी सुविधाओं को और मजबूत करना तथा लोगों को उनके घरों के नजदीक बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए जारी की जा रही ग्रांटों का इस्तेमाल लोगों की जरूरत के अनुसार किया जाएगा।
लोक मिलनी के दौरान गांववासियों ने डिप्टी स्पीकर रौड़ी के समक्ष गांव से संबंधित विभिन्न मुद्दे भी रखे। डिप्टी स्पीकर ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को जरूरत के अनुसार कार्रवाई करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का समाधान करना उनकी पहली जिम्मेदारी है और हलके के लोगों के साथ सीधा संपर्क लगातार बनाए रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि गढ़शंकर हलके के गांवों में सड़कों, पानी, स्ट्रीट लाइटों, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल मैदानों और अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। गांवों की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों के लिए ग्रांटें उपलब्ध करवाई जा रही हैं, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
गांववासियों ने 29 लाख रुपये की ग्रांट जारी करने के लिए डिप्टी स्पीकर रौड़ी का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इस ग्रांट से गांव में आवश्यक विकास कार्य करवाने में मदद मिलेगी और गांव की बुनियादी सुविधाओं में और सुधार होगा।
इस मौके गांव के पंचायती प्रतिनिधि, आम आदमी पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में गांववासी उपस्थित थे।
