रतिया, 21 जनवरी:- भारतीय किसान यूनियन एकता उग्राहा शहर इकाई के प्रधान कर्मजीत सिंह ने प्रेस को जानकारी देते हुए कहा कि रतिया क्षेत्र के किसान चोरी हुए बिजली के तारों व अन्य सामग्री को लेकर दर्ज एफआईआर के संबंध में रतिया पुलिस थाना पहुँचे। किसानों ने अपनी शिकायत व साक्ष्यों के साथ अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखी, लेकिन दुर्भाग्यवश संबंधित अधिकारियों का रवैया गंभीर नहीं रहा। किसानों की समस्याओं को न तो ध्यानपूर्वक सुना गया और न ही मामले को आवश्यक प्राथमिकता दी गई।
किसानों का कहना है कि इस प्रकार का गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। चोरी जैसी घटनाओं से किसानों को आर्थिक नुकसान हो रहा है और यदि प्रशासन समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं करता, तो ऐसी घटनाएँ और बढ़ सकती हैं।
इसी के चलते किसानों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि इस विषय पर जल्द ही पंचायत बुलाई जाएगी, जिसमें इस मुद्दे को मजबूती से उठाया जाएगा। पंचायत के माध्यम से प्रशासन के समक्ष किसानों की आवाज़ को एकजुट होकर रखा जाएगा और आवश्यक व उचित कदम उठाने के लिए दबाव बनाया जाएगा।
किसानों ने स्पष्ट किया है कि जब तक इस मामले में निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
इस मोके पर भारतीय किसान यूनियन एकता उग्राहा शहर इकाई के प्रधान कर्मजीत सिंह , गगन भुल्लर , गुरसेवक खोखर , कुलवंत , काला, दर्शन सैनी, अमृतपाल सिंह, अमनदीप सिंह, सुखदीप सिंह, तारा सिंह मौजूद थे ।
