रतिया, 16 जून: शिरोमणि संत भगत धन्ना जट्ट जी को समर्पित धर्मशाला एवं मंदिर के अधूरे निर्माण कार्य को पूर्ण करवाने की मांग को लेकर हलका रतिया के विधायक जरनैल सिंह के नेतृत्व में शिरोमणि संत भगत धन्ना जट्ट समाज सुधार समिति के पदाधिकारियों एवं समाज के गणमान्य व्यक्तियों का एक प्रतिनिधिमंडल नायब सिंह सैनी से मुख्यमंत्री निवास, चंडीगढ़ में मिला।
इस अवसर पर विधायक जरनैल सिंह ने मुख्यमंत्री के समक्ष समाज की मांग रखते हुए कहा कि शिरोमणि संत भगत धन्ना जट्ट जी के नाम पर धर्मशाला एवं मंदिर का निर्माण समाज की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि यह परियोजना न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगी, बल्कि सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मांग को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक रुख अपनाया तथा कहा कि समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए इस विषय पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विधायक जरनैल सिंह की सराहना करते हुए कहा कि वे क्षेत्र के विकास कार्यों एवं जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने वाले जनप्रतिनिधि हैं।
समिति के कार्यकारी प्रधान शेर सिंह खोखर ने मुख्यमंत्री को अवगत करवाया कि प्रस्तावित स्थल समाज के पूर्वजों के श्मशान घाट के रूप में जाना जाता रहा है, जहां वर्षों से एक छोटे मंदिर में श्रद्धालु पूजा-अर्चना करते आ रहे हैं। महासचिव डॉ नैब सिंह मंडेर ने बताया कि वर्ष 1996 में शिरोमणि संत भगत धन्ना जी को समर्पित मंदिर का निर्माण आरंभ किया गया था, जो आज भी पूर्ण नहीं हो पाया है। ऐसे में मंदिर के शेष निर्माण कार्य के साथ-साथ धर्मशाला का निर्माण भी अत्यंत आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि समाज की इस मांग पर सकारात्मक विचार किया जाएगा। उनके आश्वासन से उपस्थित प्रतिनिधियों में उत्साह एवं प्रसन्नता का माहौल रहा।
मुख्यमंत्री से मुलाकात उपरांत विधायक जरनैल सिंह ने समाज के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं महापंचायत प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया तथा विश्वास दिलाया कि समाज के इस महत्वपूर्ण कार्य को पूरा करवाने के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
इस अवसर पर समिति के संरक्षक बाबू सिंह खोखर, कार्यकारी प्रधान शेर सिंह खोखर, महासचिव डॉ. नैब सिंह मंडेर, सलाहकार जोगिंदर सैनी (लीला), मनमोहन सिंह, हरप्रीत सिंह भुल्लर, जरनैल सिंह, रामचंद्र सिंह, पूर्व सरपंच गुरप्रीत सिंह, निरंजन सिंह, जसपाल सिंह, निक्का सिंह, जगमेल सिंह, रूप सिंह, सुखविंदर सिंह, तारा सिंह, जगपाल सिंह, नछत्तर सिंह, अवतार सिंह, नाजर सिंह, सुखचैन सिंह चौहान, छिंदर सिंह, गुरबचन सिंह, बिंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य व्यक्ति एवं शहरवासी उपस्थित रहे।
शिरोमणि संत भगत धन्ना जी को समर्पित धर्मशाला निर्माण की मांग को लेकर मुख्यमंत्री से मिला प्रतिनिधिमंडल
