हांसी:– अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत जिला स्तरीय योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन हांसी के एसडी महिला महाविद्यालय के सभागार में किया जाएगा। कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इसके अलावा विधायक विनोद भयाना, पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु तथा भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक सैनी भी कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
सीटीएम हिमांशु चौहान ने बताया कि जिला स्तरीय योगाभ्यास कार्यक्रम प्रातः 6:30 बजे प्रारंभ होगा। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में नागरिक भाग लेंगे।
सीटीएम ने बताया कि कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा, समर्पण और समयबद्धता के साथ निर्वहन करना सुनिश्चित करें ताकि कार्यक्रम का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
उन्होंने बताया कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) को कार्यक्रम का नोडल विभाग नियुक्त किया गया है। नोडल विभाग द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। योगाभ्यास के लिए बैठक व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा सहायता, सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन सहित अन्य आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं।
सीटीएम हिमांशु चौहान ने बताया कि कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों के विद्यार्थी भी भाग लेंगे और सामूहिक योगाभ्यास करेंगे। योग विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की क्रियाओं का अभ्यास कराया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को योग के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
सीटीएम ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेकर योग को जन-जन तक पहुंचाने के इस अभियान को सफल बनाएं और स्वस्थ जीवन का संकल्प लें।