करनाल, 2 नवंबर:  हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि यूनिटी मार्च देश की विभिन्नता, मूल्यों और समाज की सद्भावना का प्रतीक है। इसकी शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में की थी, जिसका उद्देश्य सरदार पटेल के आदर्शों और सोच को जन-जन तक पहुंचाना है।
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण रविवार को यहां एनडीआरआई चौक पर मेरा युवा भारत एवं जिला प्रशासन की ओर से आयोजित यूनिटी मार्च को हरी झंडी दिखाने से पहले लोगों को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने पूर्व उप प्रधानमंत्री सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। करीब 7 किमी लंबे यूनिटी मार्च में बड़ी संख्या में युवाओं, पार्टी कार्यकर्ताओं, एनसीसी स्वयं सेवकों, स्कूली विद्यार्थियों और विभिन्न सामाजिक संस्थानों के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों व सोच को जन-जन तक पहुंचाने के लिए ऐसी यात्राएं निकाली जा रही हैं। सरदार वल्लभ भाई पटेल ने रियासतों को मिलाकर अखंड भारत बनाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया में आगे बढ़ रहा है। यही एकता और राष्ट्रवाद की विशेषता है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी की आवश्यकता है। साथ ही नागरिकों से यह संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे देश को खंडित करने की कोशिश करने वाली ताकतों को मुंह तोड़ जवाब दें और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में सहयोग करें।
उन्होंने सरदार पटेल के शब्दों को उद्धृत करते हुए कहा कि देश की असली ताकत उसके लोगों के चरित्र से पता चलती है। उन्होंने जोर दिया कि हर नागरिक को सिर्फ निजी फायदे के लिए नहीं बल्कि समाज हित के बारे में सोचना चाहिए।
 इस मौके पर उन्होंने यात्रा में शामिल लोगों को नशा मुक्त व आत्मनिर्भर भारत की शपथ दिलाई। यह भी अपील की कि वे अपने बच्चों को संस्कारवान बनाएं। सभी नागरिकों में देश भक्ति की भावना का होना आवश्यक है। विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिए हर व्यक्ति को ईमानदारी से कर्तव्य का पालन करना होगा।
इस मौके पर मेरा युवा भारत के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. लाल सिंह, मेयर रेनू बाला गुप्ता व जिला भाजपा अध्यक्ष प्रवीन लाठर ने भी विचार रखे।
इस अवसर पर करनाल के विधायक जगमोहन आनंद, इंद्री के राम कुमार कश्यप, नीलोखेड़ी के भगवान दास कबीरपंथी, घरौंडा के एसडीएम राजेश सोनी, सांसद प्रतिनिधि कविंद्र राणा, भाजपा जिला प्रभारी भारत भूषण जुयाल, जिला भाजपा महामंत्री सुभाष कश्यप,  मानवपुरी, मेरा युवा भारत की उप निदेशक सुरमयी शर्मा, सहायक निदेशक रेनू सिलग, कार्यक्रम सहायक पंकज, भाजपा नेता सरदार त्रिलोचन सिंह, संजय खेंची, डीजीएचईओ अनीता जून, जिला भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष मीणा कंबोज, कृष्ण गर्ग, सुनील गोयल आदि मौजूद रहे।