होशियारपुर:- होशियारपुर-चिंतपूर्णी मार्ग की दुर्दशा को देखते हुए श्री गोबिंद गोधाम गौशाला प्रबंधकों की तरफ से प्रधान कुलदीप सैनी की अगुवाई में जिलाधीश के नाम एक मांगपत्र सहायक जिलाधीश गुरप्रीत कौर (अंडर ट्रेनिंग) को भेंट किया गया। इस संबंधी जानकारी देते हुए नगर सुधार ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन एडवोकेट राकेश मरवाहा ने कहा कि उक्त मार्ग की हालत इतनी खराब है कि राहगीरों पर हर समय हादसे का खतरा मंडरा रहा है। 
उन्होंने कहा कि चौहाल से ऊपर हिमाचल सीमा तक तो हालत इतनी खराब है कि किसी भी समय कोई बड़ा हादसा होने की आशंका हर समय बनी हुई है। इतना ही नहीं मंगूवाल एवं हिमाचल सीमा के समीप पिछले साल बारिश के कारण सड़क का काफी भाग बह चुका है, लेकिन अभी तक उसकी रिपेयर का कार्य शुरु न होने से भी खतरा और बढ़ जाता है। 
उन्होंने बताया कि इस मांगपत्र में मांग की गई है कि 13 अगस्त से माता चिंतपूर्णी के मेले शुरु होने वाले हैं तथा इस दौरान लाखों श्रद्धालु यहां से होकर गुजरेंगे तथा सड़क की खराब हालत रही तो यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। इसलिए 5 अगस्त से पहले इसकी रिपेयर करवाई जाए तथा ऐसा न होने की सूरत में संघर्ष की रणनीति के तहत आंदोलन छेड़ा जाएगा। एडवोकेट मरवाहा ने कहा कि सरकार व प्रशासन को चाहिए कि वह इस कार्य को जनहित में अतिशीघ्र करवाए। 
इस मौके पर राम यादव, हरीश शर्मा काला, महिंदर पाल, सदाशिव गुप्ता, मुकेश डावर भी मौजूद रहे। इस दौरान सहायक कमिशनर ने संस्था पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि उनकी मांग जिलाधीश तक पहुंचाई जाएगी और जल्द से जल्द इसका समाधान करवाया जाएगा।