करनाल, 23 जुलाई:- राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्षा साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि आयोग पिछड़े वर्गों के अधिकारों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने नागरिकों से आयोग के समक्ष अपनी शिकायतें एवं समस्याएं रखने का आह्वान किया और विश्वास दिलाया कि उनका निष्पक्ष एवं संवैधानिक दायरे में समाधान करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्षा साध्वी निरंजन ज्योति वीरवार को सेक्टर 14 के कृष्ण मंदिर में आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी।इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और संगठन की शक्ति पर बल देते हुए कहा कि समाज की प्रगति कर्तव्यनिष्ठा, शिक्षा, परिश्रम और एकता से ही संभव है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी पहचान अपने कार्यों और जिम्मेदारियों से बनानी चाहिए तथा समाज के उत्थान के लिए सकारात्मक सोच के साथ कार्य करना चाहिए।
उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता के उपदेशों का उल्लेख करते हुए कहा कि गीता जीवन में आत्मविश्वास, कर्तव्यबोध और कठिन परिस्थितियों का सामना करने की प्रेरणा देती है।
उन्होंने वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए देश की एकता, स्थिरता और विकास के लिए सभी नागरिकों से जागरूक रहने तथा भ्रामक सूचनाओं और समाज को विभाजित करने वाले प्रयासों से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि है और प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने में अपना योगदान दे। उन्होंने कहा कि किसी को पीछे धकेलकर नहीं, बल्कि शिक्षा, परिश्रम, धैर्य, ज्ञान और सकारात्मक प्रयासों के माध्यम से आगे बढ़ना चाहिए।
**मोदी सरकार ने पिछड़ा वर्ग आयोग को दिया संवैधानिक दर्जा: विधायक रामकुमार कश्यप
इस अवसर पर इंद्री के विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए आयोग के ऐतिहासिक निर्णयों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान पिछड़ा वर्ग आयोग के पास पर्याप्त अधिकार नहीं थे, जिसके कारण आमजन की समस्याओं का प्रभावी समाधान नहीं हो पाता था। वर्ष 2018 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने इस आयोग को संवैधानिक दर्जा देकर पिछड़े वर्ग के हितों को मजबूती प्रदान की। उन्होंने कहा कि हरियाणा एवं केंद्र सरकार द्वारा पिछड़े वर्ग और श्रमिकों के कल्याण के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है।
**विभिन्न राज्यों से पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने किया स्वागत:
कार्यक्रम में हरियाणा सहित पंजाब और अन्य पड़ोसी राज्यों से भारी संख्या में आए समाज के प्रतिनिधियों ने राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्षा का अभिनंदन किया। वक्ताओं ने समाज को एकजुट होकर बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाने और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष प्रवीण लाठर, पूर्व मंत्री सुरेश कश्यप, पूर्व विधायक रंजीत कश्यप पूर्व विधायक रमेश कश्यप, चेयरमैन ईश्वर कश्यप, मैनपाल कश्यप, रामलाल कश्यप, रामकुमार कश्यप, शामलाल कश्यप, रामचन्द्र कश्यप,राजबीर कश्यप अनूप भारद्वाज कश्यप, राजेश सैनी, अजय कश्यप, अनूप कश्यप, नीलम कश्यप सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
