होशियारपुर:- सिविल सर्जन होशियारपुर डॉ. बलवीर कुमार द्वारा आम आदमी क्लीनिक नलोइयां चौक, बागपुर, ड्रेनेज ऑफिस तथा नहर कॉलोनी का औचक दौरा कर वहां मरीजों को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य क्लीनिकों की कार्यप्रणाली, स्टाफ की उपस्थिति तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की गुणवत्ता की जांच करना था।
निरीक्षण के दौरान डॉ. बलवीर कुमार द्वारा क्लीनिकों में मरीजों के रिकॉर्ड, ओपीडी व्यवस्था, फार्मेसी स्टोरों में दवाइयों के स्टॉक, स्वच्छता तथा बुनियादी सुविधाओं की गहन जांच की गई। इस अवसर पर उनके साथ पी.ए. सतपाल भी उपस्थित रहे।
सिविल सर्जन द्वारा ड्यूटी पर मौजूद समस्त स्टाफ की उपस्थिति की जांच की गई तथा उन्हें समय का पाबंद रहने, अपने कर्तव्यों का पूर्ण ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ निर्वहन करने तथा मरीजों के साथ सहयोगपूर्ण एवं सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने फार्मेसी स्टोरों की विशेष रूप से जांच कर यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि मरीजों के लिए आवश्यक एवं जरूरी दवाइयां हर समय उपलब्ध रहें, ताकि किसी भी मरीज को दवा की कमी के कारण किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस दौरान उन्होंने स्टाफ को बायो-मेडिकल वेस्ट के उचित निपटान से संबंधित नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए तथा चेतावनी दी कि इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डॉ. बलवीर कुमार ने कहा कि आम आदमी क्लीनिकों का मुख्य उद्देश्य गरीब, जरूरतमंद एवं आम वर्ग के लोगों को उच्च गुणवत्ता वाली, निःशुल्क एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्टाफ से अपील की कि वे प्रत्येक मरीज के साथ आत्मीयता से पेश आएं और हर प्रकार की आपात स्थिति में अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा के साथ निभाएं।
सिविल सर्जन डॉ बलवीर कुमार द्वारा आम आदमी क्लीनिकों का औचक निरीक्षण स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं स्वच्छता बनाए रखने के लिए निर्देश
