हांसी:- आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना तथा मुख्यमंत्री चिरायु योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों के चिरायु कार्ड बनवाने के उद्देश्य से बुधवार को स्थानीय जिला सचिवालय के सभागार में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी प्रतीक्षा सांगवान ने की। बैठक में स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी प्रतीक्षा सांगवान ने कहा कि हर पात्र परिवार तक आयुष्मान भारत एवं चिरायु योजना का लाभ शत-प्रतिशत पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए जिले में 15 सितंबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान पात्र नागरिकों के चिरायु कार्ड बनवाने के लिए शहरी क्षेत्रों के प्रत्येक वार्ड तथा ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक गांव में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि किसी भी पात्र व्यक्ति को योजना के लाभ से वंचित न रहना पड़े।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा इस अभियान के सफल संचालन के लिए विस्तृत प्लान तैयार किया गया है। माइक्रो प्लान के तहत प्रत्येक गांव एवं वार्ड के लिए अलग-अलग कार्ययोजना बनाई गई ।
प्रतीक्षा सांगवान ने कहा कि अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए केवल स्वास्थ्य विभाग ही नहीं बल्कि विकास एवं पंचायत विभाग, स्थानीय शहरी निकाय विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा अन्य संबंधित विभागों का भी सहयोग लिया जाएगा। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पात्र नागरिकों को शिविरों तक पहुंचाने और उनके स्वास्थ्य कार्ड बनवाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने बताया कि जिले में योजना के पात्र नागरिकों की सूची तैयार कर ली गई है। यह सूची शीघ्र ही संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंचों तथा नगर परिषद के पार्षदों को उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्र के पात्र परिवारों से संपर्क कर उन्हें शिविरों में आने के लिए प्रेरित कर सकें। इससे अभियान को गति मिलेगी और अधिक से अधिक लोगों के कार्ड समयबद्ध तरीके से बनाए जा सकेंगे।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शिविरों में आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं, ताकि लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही अभियान की नियमित समीक्षा कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी ने आमजन से भी अपील की कि जो नागरिक आयुष्मान भारत तथा मुख्यमंत्री चिरायु योजना के पात्र हैं और जिनका स्वास्थ्य कार्ड अभी तक नहीं बना है, वे अपने क्षेत्र में आयोजित होने वाले शिविरों में आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर अपना स्वास्थ्य कार्ड अवश्य बनवाएं। उन्होंने कहा कि यह कार्ड गंभीर बीमारियों के उपचार में आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम है और प्रत्येक पात्र परिवार को इसका लाभ अवश्य उठाना चाहिए।
बैठक में एसएमओ डॉ राहुल बुद्धि राजा, नारनौंद के एसएमओ डॉ यशपाल, नगर परिषद ईओ राजेंद्र सोनी, डॉ राजीव डाबला, नपा सचिव प्रदीप कुमार, बीडीपीओ अशोक कुमार, बीडीपीओ राज सिंह,डॉ नरेंद्र शर्मा,डॉ भवनेश,डॉ विक्रम गौरिया,डॉ मीनू ढींगड़ा,डॉ परमजीत,डॉ जगदीप,डॉ रमजोत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।