20 फरवरी होशियारपुर- चब्बेवाल विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. इशांक ने गांव चानसू ब्राह्मणा में श्री गुरु रविदास जी के प्रकाश पर्व पर ग्रामीणों के साथ श्रद्धा व उत्साह के साथ शिरकत की। गांव के गुरुद्वारा साहिब में आयोजित धार्मिक समारोह के दौरान विधायक डॉ. इशांक ने श्री गुरु रविदास जी की शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु रविदास जी ने समाज को प्रेम, समानता व भाईचारे का संदेश दिया था।
उनकी शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं और हमें उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए समाज में सद्भावना व एकता को मजबूत करना चाहिए। इसके बाद विधायक ने गांव में आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित ओपन जिम का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह जिम गांव के बच्चों व बुजुर्गों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर के माध्यम से युवाओं के शारीरिक व मानसिक विकास के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है और यह ओपन जिम इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ग्रामीणों ने विधायक डॉ. इशांक का गर्मजोशी से स्वागत किया तथा उनकी विकासपरक सोच के लिए उनका आभार जताया। स्थानीय सरपंच इंद्रजीत कौर ने कहा कि गांव में इस तरह की सुविधा मिलने से युवा वर्ग खेल व फिटनेस के प्रति जागरूक होगा। हमें गर्व है कि हमारे गांव को यह सौगात मिली है।
इस दौरान विधायक ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं तथा उनका जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रही है तथा आने वाले समय में भी लोगों को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। इस अवसर पर गगनदीप सरपंच, मीना पंच, अशोक कुमार पंच, अजय कुमार पंच, मनजीत कौर, शिव कुमार, सुरिंदर कौर, सतवंत राय, लंबरदार सतपाल, सतवंत कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
चानसू ब्राह्मणा निवासियों को साढ़े तीन लाख रुपए की लागत से ओपन जिम की सौगात मिली
