माहिलपुर- आज की युवा पीढ़ी नशे की दलदल में फंसती जा रही है। युवाओं को नशे की दलदल से निकालने के लिए आयुर् जीवन आयुर्वेदिक रिसर्च सेंटर व दल खालसा की टीम गांवों, शहरों व कस्बों में नशा मुक्ति कैंप लगाकर युवाओं को नशे के खतरों से अवगत करवा रही है। इस संबंध में आयुर् जीवन आयुर्वेदिक रिसर्च सेंटर के एमडी व दल खालसा के जिला अध्यक्ष बलजिंदर सिंह खालसा ने बताया कि आज चब्बेवाल में लगाए गए निशुल्क मेडिकल कैंप में 188 युवाओं ने नशा छोड़ने की नीयत से दवा ली। उन्होंने कहा कि नशे के बढ़ते चलन ने युवाओं को दिन-प्रतिदिन बर्बाद कर दिया है।
उन्होंने कहा कि देश का भविष्य आज की युवा पीढ़ी नशे की दलदल में फंसकर अपनी जवानी बर्बाद कर रही है, जो चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि युवाओं को जागरूक करने के लिए हमें आगे आकर गांवों व शहरों में नशा मुक्ति पर सेमिनार लगाने चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की दलदल से निकालने के लिए हमें हर संभव प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति किसी भी तरह का नशा छोड़ना चाहता है तो आयुर्जीवन आयुर्वेदिक रिसर्च सेंटर व दल खालसा की टीम उस व्यक्ति की हर तरह से मदद करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि आए दिन नशे की लत के कारण युवा मर रहे हैं और नशा तस्करी का काम इस हद तक बढ़ गया है कि नशे की सप्लाई घरों तक पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि अब लड़कों के साथ-साथ लड़कियां भी नशे के मकड़जाल में फंसती नजर आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले काफी समय से आए दिन नशे की लत के कारण कई लोगों की मौत हो चुकी है। यहां तक कि नशे की ओवरडोज के कारण कई बार बड़ी संख्या में युवा लड़के-लड़कियां स्थानीय सड़कों पर बेहोश होकर गिरते नजर आते हैं। उन्होंने कहा कि अब देखना यह है कि सरकारें नशे की बुराई पर कब लगाम लगाती हैं ताकि नशे में बर्बाद हो रहे पंजाब के युवा व बचपन को बचाया जा सके।
इस मौके पर अन्य लोगों के अलावा तजिंदर पाबला, प्रदीप कुमार, मुकेश राणा, करणवीर सिंह, लाली पाबला इटली, डॉ. रजनीश, रोनी पाबला आदि मौजूद रहे।
युवाओं को नशे से बचाने के लिए गांवों व शहरों में लगाए जाएं कैंप - बलजिंदर सिंह खालसा
