हिसार, 8 मार्च:- हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने रविवार को लोगों की समस्याएँ सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवों व शहरों से बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएँ और मांगें लेकर पहुंचे।
मंत्री रणबीर गंगवा ने सभी लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निपटारा किया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर लोगों ने सड़कों, बिजली, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, परिवार पहचान पत्र, विकास कार्यों तथा नगर निकाय सहित विभिन्न विषयों से संबंधित समस्याएँ मंत्री के समक्ष रखीं। अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही समाधान करवाया गया तथा शेष मामलों को संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द निपटाने के निर्देश दिए।
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य है कि लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध करवाई जाएँ और विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से क्षेत्र का दौरा करें और लोगों की समस्याओं को मौके पर जाकर सुनें, ताकि उनका शीघ्र समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि आमजन को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का समाधान सरल व पारदर्शी तरीके से हो।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।
