हरियाणा/हिसार:- विधानसभा बरवाला के मिलगेट मंडल अंतर्गत गांव बाढो पट्टी के बूथ संख्या 56 पर भारतीय जनता पार्टी का 47वां स्थापना दिवस मिलगेट मंडल महामंत्री आशीष भारतीय के आवास पर हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा सरकार में लोकनिर्माण विभाग एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा तथा पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा ने शिरकत की।
कार्यक्रम की शुरुआत में मिलगेट मंडल के महामंत्री आशीष भारतीय एवं पितांबर दहिया ने पुष्पगुच्छ भेंट कर कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा का स्वागत किया। इसके पश्चात ध्वजारोहण किया गया और श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीन दयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के गौरवशाली इतिहास पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा राष्ट्रवाद, सेवा और सुशासन पर आधारित है तथा जनसंघ से लेकर आज तक पार्टी ने निरंतर देशहित में कार्य किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा एक अनुशासित और कार्यकर्ता-आधारित संगठन है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता का योगदान महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने हमेशा गरीब, किसान और आमजन के हितों को प्राथमिकता दी है और केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों से समाज के हर वर्ग को लाभ पहुंच रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत करने का आह्वान किया।
फिर उसके पश्चात मिलगेट मंडल महामंत्री आशीष भारतीय ने सभी कार्यकर्ताओं एवं ग्रामवासियों को भाजपा के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा अपने आवास पर कार्यक्रम आयोजित होने और मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सहयोग से ही संगठन निरंतर आगे बढ़ रहा है।
इस मौके पर प्रदेश सह मीडिया प्रभारी संदीप आजाद, सरपंच पवन, प्रीतम, जिला आईटी सह प्रमुख भाजपा कमल हंदूजा, राजेश सलूजा मंडल मीडिया प्रभारी बरवाला तथा आईटी टीम भाजपा सदस्य तरसेम पूनिया,अमन जांगड़ा सहित अनेक कार्यकर्ता एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।