होशियारपुर:- पंजाब के जेल एवं प्रवासी भारतीय मामलों के मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने आज जिला प्रशासनिक कम्पलैक्स में शाम चौरासी विधानसभा हलके में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत मीटिंग की।
कैबिनेट मंत्री ने लोक निर्माण विभाग, नहर विभाग, शिक्षा विभाग, पुलिस प्रशासन, जल सप्लाइ एवं सैनीटेशन सहित अन्य प्रमुख विभागों के उच्च अधिकारियों से बातचीत करते हुए चल रहे विकास प्रोजेक्टों की विस्तृत रिपोर्ट हासिल की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता के साथ किसी भी कीमत पर कोई समझौता न हो और सभी प्रोजेक्टों की रफ्तार में तेजी लाई जाए।
डॉ. रवजोत सिंह ने समूह अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि पंजाब सरकार द्वारा आम लोगों की सुविधा के लिए शुरू किए गए सभी विकास कार्य निर्धारित समय के भीतर पूरे किए जाना अनिवार्य हैं। इस उद्देश्य के लिए संबंधित विभाग आपसी तालमेल और मजबूत रणनीति सुनिश्चित करें। मंत्री ने विशेष रूप से ताकीद की कि अधिकारी सिर्फ अपने दफ्तरों तक सीमित न रहें, बल्कि खुद ज़मीनी स्तर पर जाकर प्रोजेक्टों की निरंतर निगरानी करें ताकि काम में किसी भी प्रकार की लापरवाही, ढील या देरी न हो।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार का मुख्य उद्देश्य राज्य के हर वर्ग और हर क्षेत्र का बिना किसी भेदभाव के संपू्र्ण विकास करना है। राज्य सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं, सड़क संपर्क, पीने के साफ पानी, सीवरेज प्रणाली, खेलों, रोजगार के अवसरों और जन-कल्याण के क्षेत्रों में लगातार बड़े सुधार किए जा रहे हैं। 
उन्होंने कहा कि शाम चौरासी हलके के विकास को भी विशेष प्राथमिकता दी जा रही है और गांवों की सड़कों, गलियों, नालियों, सीवरेज प्रणाली और समग्र बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। इसके अलावा सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं का स्तर ऊंचा उठाने, विद्यार्थियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई का माहौल प्रदान करने तथा युवाओं को खेलों की ओर प्रोत्साहित करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
डॉ. रवजोत सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि पंजाब सरकार की सभी जन-कल्याण योजनाओं का लाभ हर योग्य लाभार्थी तक बिना किसी रुकावट या परेशानी के पहुंचाना अधिकारियों की अहम जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को लोगों से मिलने वाली शिकायतों और मांगों का प्राथमिकता के आधार पर तुरंत निपटारा करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन देने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। इसलिए विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनदेखी या ढील को किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन, एसएसपी संदीप कुमार मलिक, संबंधित विभागों के सीनियर अधिकारियों के अलावा विधानसभा क्षेत्र शाम चौरासी के विभिन्न गांवों के सरपंच और गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे।