हिसार:– सेवा पखवाड़ा के समापन अवसर पर सुल्तानपुर तथा घिराय गांव में भव्य रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों का शुभारंभ विधायक विनोद भयाना ने किया। उन्होंने रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें बैज लगाकर सम्मानित किया और कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव धर्म है, रक्त दान कर रक्तदाता जिंदगियां बचाने का काम करते हैं।
विधायक विनोद भयाना ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान शिविरों में भाग लेकर समाज सेवा में योगदान दें। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से लेकर महात्मा गांधी जयंती तक आयोजित इस सेवा पखवाड़े ने समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य किया है। शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।
सेवा पखवाड़ा के अंतिम दिन के दौरान ग्राम पंचायत सुल्तानपुर में उमरा मंडल अध्यक्ष पवन शर्मा के नेतृत्व में तथा घिराय गांव में अटल मंडल अध्यक्ष श्याम खांडा की अगुवाई में रक्तदान शिविर आयोजित हुए। इसी दौरान ग्राम पंचायत जग्गाबाड़ा निवासी योगेंद्र बागड़ी ने अपना 41वां रक्तदान कर प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। रक्तदाताओं ने कहा कि उन्हें गर्व है कि उनके रक्त से किसी जरूरतमंद की जिंदगी बच सकेगी।
घिराय गांव में आयोजित रक्तदान शिविर में जिला अध्यक्ष अशोक सैनी ने विशिष्ट अतिथि के तौर पर शिरकत की और रक्तदाताओं के इस पुनीत कार्य की सराहना की और उन्हें सम्मानित भी किया। विनोद सैनी, कृष्ण तनेजा,तनुज खुराना,गोल्डी सैनी, सुखविंदर जाखड़, मनजीत जांगड़ा, श्याम खांडा, सरपंच संदीप घिराय, विनोद चेनत, रणधीर सिंह धीरू रामचंदर बूरा, कर्मवीर शर्मा, कृष्ण शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, समाजसेवी और ग्रामीण मौजूद रहे।
सेवा पखवाड़ा के समापन अवसर पर सुल्तानपुर तथा घिराय गांव में रक्तदान शिविर आयोजित
