हांसी, 05 सितंबर:- बाल भवन हांसी में बच्चों को बेहतर अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से सर्व कल्याण मंच द्वारा स्थापित लाइब्रेरी का शनिवार को विधायक विनोद भयाना ने शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला बाल कल्याण परिषद् की उपाध्यक्ष डॉ. सविता नरवाल ने की।
इस अवसर पर विधायक विनोद भयाना ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ उन्हें पढ़ने और सीखने का सकारात्मक वातावरण उपलब्ध करवाना अत्यंत आवश्यक है। लाइब्रेरी विद्यार्थियों के लिए ज्ञान का महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगी। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में भी पुस्तकों का महत्व कम नहीं हुआ है। पुस्तकें बच्चों के ज्ञान, विचार शक्ति और व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने कहा कि बाल भवन द्वारा बच्चों के हित में किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं और समाजसेवी संस्थाओं के सहयोग से ऐसी गतिविधियों को और अधिक विस्तार दिया जाना चाहिए। उन्होंने बच्चों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक बच्चों के जीवन को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. सविता नरवाल ने कहा कि जिला बाल कल्याण परिषद् का मुख्य उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास, शिक्षा, संस्कार और प्रतिभा को निखारने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि बाल भवन में बच्चों के लिए समय-समय पर विभिन्न रचनात्मक एवं शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। नई लाइब्रेरी से बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और सामान्य ज्ञान बढ़ाने में भी लाभ मिलेगा।
सर्व कल्याण मंच के प्रधान नवीन कौशिक ने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा एवं अध्ययन का वातावरण उपलब्ध करवाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से सर्व कल्याण मंच द्वारा बाल भवन में लाइब्रेरी की स्थापना की गई है। उन्होंने कहा कि मंच भविष्य में भी बच्चों के हित में इस प्रकार के सामाजिक एवं रचनात्मक कार्यों में सहयोग करता रहेगा।
इस अवसर पर अग्रोहा विकास ट्रस्ट हिसार के प्रधान विनय जैन ने बाल भवन की गतिविधियों से प्रभावित होकर बच्चों की सुविधा के लिए दो ए.सी. दान स्वरूप भेंट किए। उनके इस सहयोग के लिए जिला बाल कल्याण परिषद् की ओर से आभार व्यक्त किया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाजसेवियों एवं संस्थाओं का सहयोग बच्चों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण योगदान देता है।
जिला बाल कल्याण अधिकारी ओमप्रकाश बिब्याण ने बताया कि जिला बाल कल्याण परिषद् हांसी द्वारा बाल भवन में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इनमें सांस्कृतिक गतिविधियां, चित्रकला, संगीत, नृत्य, खेलकूद, योग, कंप्यूटर प्रशिक्षण, समर कैंप, बाल महोत्सव, विभिन्न प्रतियोगिताएं तथा जागरूकता कार्यक्रम प्रमुख हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बाल भवन में बच्चों को रचनात्मक वातावरण उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उनके अंदर आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नई लाइब्रेरी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में बच्चों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रस्तुतियां भी दी गईं। अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। जिला बाल कल्याण परिषद् की ओर से मुख्य अतिथि विधायक विनोद भयाना, कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं डॉ. सविता नरवाल, सर्व कल्याण मंच के प्रधान नवीन कौशिक तथा अग्रोहा विकास ट्रस्ट के प्रधान विनय जैन सहित सभी अतिथियों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर मंडल बाल कल्याण अधिकारी वजीर दांगी, कार्यक्रम अधिकारी मोनिका, सर्व कल्याण मंच से मनजीत जांगड़ा, राजपाल प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के प्रधान, कर्मबीर, जय प्रकाश न्योलिया, धर्मबीर, अमरजीत आदि समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
