रतिया, 6 अप्रैल:-  भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस ग्राम रत्ताखेड़ा में भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकित सिंगल के नेतृत्व में बूथ स्तर पर आयोजित कार्यक्रम के रूप में मनाया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर पार्टी ध्वज फहराया और राष्ट्रसेवा के संकल्प को पुनः सुदृढ़ किया।
कार्यक्रम में ग्राम के वरिष्ठ एवं कर्मठ कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। ध्वजारोहण के माध्यम से संगठन की मजबूती का संकल्प लिया गया तथा पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के पश्चात भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकित सिंगल ने कार्यकर्ताओं की बैठक ली, जिसमें आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में 7 से 12 अप्रैल तक “गांव चलो, बस्ती चलो अभियान”, 13 अप्रैल को स्वच्छता अभियान, 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती, 15 से 20 अप्रैल तक विचार प्रसार अभियान तथा 15 अप्रैल से 15 मई तक महाप्रशिक्षण अभियान के बारे में जानकारी दी गई।
अंकित सिंगल ने कहा कि भाजपा की 47 वर्षों की गौरवशाली यात्रा कार्यकर्ताओं के समर्पण, अनुशासन और संगठन के प्रति अटूट निष्ठा का परिणाम है। यही कारण है कि आज भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बन चुकी है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को घर-घर तक पहुंचाएं और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।
अंत में सभी समर्पित कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।