धूरी, 5 अक्तूबर:- धूरी शहर में खेल सुविधाओं के विस्तार और युवाओं को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से सब्जी मंडी धूरी स्थित एम.सी. पार्क के साथ लगते इंडोर स्पोर्ट्स हॉल का 27.63 लाख रुपये की लागत से अपग्रेडेशन कर बैडमिंटन कोर्ट तैयार किए गए हैं। इनका उद्घाटन आज पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के ओएसडी सुखवीर सिंह ने किया।

इस अवसर पर ओएसडी सुखवीर सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा युवाओं को खेलों से जोड़ने और खिलाड़ियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि धूरी के सर्वपक्षीय विकास के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में भी आवश्यक बुनियादी ढांचा विकसित किया जा रहा है, ताकि स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर वातावरण मिल सके।

उन्होंने कहा कि नए तैयार किए गए बैडमिंटन कोर्ट का लाभ धूरी के खिलाड़ियों, बच्चों और अन्य खेल प्रेमियों को मिलेगा। चैंपियनशिप की तैयारी कर रहे बच्चों के लिए सुबह और शाम के समय कोचिंग की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। खिलाड़ियों और संबंधित एसोसिएशन के सदस्यों के लिए आई.डी. तैयार किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी विशेष समय निर्धारित किया जाएगा, जबकि महिलाओं के लिए सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक विशेष समय रखा जाएगा। इस संबंध में विस्तृत समय-सारणी जल्द तैयार करके जारी की जाएगी।

नगर परिषद धूरी की अध्यक्ष श्रीमती अमरजोत कौर बाजवा ने कहा कि बैडमिंटन कोर्ट के उपयोग के लिए जल्द ही समय-सारणी तैयार की जाएगी, ताकि हर वर्ग के लोग इस खेल सुविधा का सुचारू रूप से लाभ उठा सकें।

ओएसडी सुखवीर सिंह ने कहा कि धूरी में खेल सुविधाओं को और मजबूत करने के साथ-साथ शहर के बुनियादी ढांचे के विकास को भी प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि धूरी को विकास की दृष्टि से और मजबूत बनाने के लिए आवश्यकता के अनुसार हर संभव प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर मार्केट कमेटी धूरी के चेयरमैन राजवंत सिंह घुल्ली, सदस्य वक्फ बोर्ड डॉ. अनवर भसौड़, सदस्य फूड कमिशन जसवीर सिंह सेखों, चेयरमैन जिला परिषद रछपाल सिंह भुल्लर, रूबल बाजवा, नरेश सिंगला सहित बड़ी संख्या में नगर परिषद धूरी के सदस्य भी मौजूद थे।