होशियारपुर:- किसी भी आपात स्थिति में जब बांध से ब्यास नदी में अतिरिक्त पानी छोड़ा जाएगा, तो अब नदी किनारे रहने वाले लोगों को इसकी तुरंत सूचना मिल सकेगी। इसके लिए भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) द्वारा ब्यास नदी के किनारों पर अग्रिम चेतावनी प्रणाली स्थापित की गई है। इसका उद्घाटन ऑनलाइन माध्यम से बीबीएमबी के चेयरमैन इंजीनियर मनोज त्रिपाठी द्वारा किया गया।
इस परियोजना के तहत 6 अग्रिम चेतावनी सिस्टम लगाए गए हैं। इस मौके पर साइट पर ब्यास डैम के मुख्य अभियंता राकेश गुप्ता, उप मुख्य अभियंता विमल कुमार मीणा, अधीक्षण अभियंता मनवीन चौधरी, कार्यकारी अभियंता विनय कुमार तथा एसडीओ परमिंदर सिंह भी मौजूद रहे।
चेयरमैन मनोज त्रिपाठी ने बताया कि पहले आपात स्थिति में जब पोंग डैम से पानी छोड़ना पड़ता था, तो बीबीएमबी टीमों के साथ-साथ स्थानीय प्रशासन को गांव-गांव जाकर लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को सतर्क करना पड़ता था और 6 पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाए गए थे। इससे सूचना पहुंचने में समय लगता था और किसी हादसे का खतरा बना रहता था। लेकिन अब नई प्रणाली के जरिए सूचना तुरंत लोगों तक पहुंच सकेगी।
उन्होंने कहा कि बीबीएमबी हमेशा लोगों की सेवा के लिए प्रतिबद्ध रहा है और जनहित को ध्यान में रखते हुए यह परियोजना शुरू की गई है।
मुख्य अभियंता राकेश गुप्ता ने बताया कि 52 गेट बैराज से लेकर मिरथल तक लगभग 50 किलोमीटर के दायरे में ये 6 चेतावनी केंद्र स्थापित किए गए हैं। ये केंद्र पेखां, संसारपुर टेरेस, शाह बैराज के दाहिने किनारे, रियाली (फतेहपुर), बेला सरियाणा (मुकेरियां), पेरल (इंदौरा) और अर्नी यूनिवर्सिटी इंदौरा के पास स्थापित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि ये चेतावनी प्रणाली आबादी वाले क्षेत्रों के नजदीक लगाई गई है और जब भी बांध से पानी छोड़ा जाएगा, तो पहले ही इन प्रणालियों के माध्यम से अलर्ट जारी किया जाएगा, जिससे लोग नदी के तल से दूर होकर अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कर सकें।
इस मौके पर जूनियर इंजीनियर जसविंदर सिंह और मनीष शर्मा भी उपस्थित थे।
भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड तलवाड़ा बीबीएमबी ने ब्यास नदी किनारे स्थापित की अग्रिम चेतावनी प्रणाली लोगों को तुरंत मिलेगी पानी छोड़े जाने की सूचना
