हांसी (दिनकर गावड़ी):- पुलिस अधीक्षक हांसी विनोद कुमार ने आमजन को साइबर अपराध के नए तरीकों के प्रति जागरूक करते हुए कॉल फॉरवर्डिंग स्कैम को लेकर विशेष एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी ठगी के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। इसी क्रम में ठग कभी कूरियर कर्मचारी तो कभी डिलीवरी एजेंट बनकर लोगों को फोन करते हैं और पार्सल पहुंचाने, पता सत्यापन करने या डिलीवरी में आ रही समस्या का बहाना बनाकर मोबाइल फोन में कुछ विशेष कोड डायल करवाते हैं।

एसपी ने बताया कि साइबर ठग लोगों को अपनी बातों में उलझाकर *21, *61, *67 या *401 जैसे यूएसएसडी कोड डायल करने के लिए कहते हैं। इन कोड के माध्यम से मोबाइल नंबर पर कॉल फॉरवर्डिंग सेवा सक्रिय हो सकती है। इसके बाद मोबाइल पर आने वाली कॉल किसी दूसरे नंबर पर डायवर्ट हो सकती हैं। साइबर अपराधी इसका दुरुपयोग कर बैंकिंग वेरिफिकेशन कॉल तथा अन्य महत्वपूर्ण सूचनाओं तक पहुंचने का प्रयास करते हैं, जिससे व्यक्ति आर्थिक साइबर ठगी का शिकार हो सकता है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में कोई कोड डायल करना या मोबाइल की सेटिंग में बदलाव करना भारी नुकसान का कारण बन सकता है। इसलिए पार्सल डिलीवरी या किसी अन्य सेवा का बहाना बनाकर फोन करने वाले व्यक्ति के तकनीकी निर्देशों पर आंख बंद करके भरोसा न करें।

हांसी पुलिस की आमजन से अपील : इन सावधानियों का रखें विशेष ध्यान

  1. अनजान कोड डायल न करें: कूरियर या डिलीवरी एजेंट बनकर फोन करने वाले किसी व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में कोई भी यूएसएसडी कोड डायल न करें।
  2. कॉल फॉरवर्डिंग सेटिंग जांचें: समय-समय पर अपने मोबाइल की कॉल सेटिंग चेक करते रहें और अनधिकृत कॉल फॉरवर्डिंग सक्रिय होने पर तुरंत मोबाइल ऑपरेटर से संपर्क करें।
  3. ओटीपी और बैंकिंग जानकारी गोपनीय रखें: किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी या बैंक खाते से संबंधित जानकारी साझा न करें।
  4. अनजान लिंक से बचें: किसी के कहने पर अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही मोबाइल में कोई ऐप इंस्टॉल करें।
  5. संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करें: यदि आपको लगता है कि आपके मोबाइल पर बिना जानकारी के कॉल फॉरवर्डिंग सक्रिय हो गई है, तो अपने मोबाइल ऑपरेटर से संपर्क कर इसे बंद करवाएं।
  6. एसपी हांसी ने कहा कि साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता सबसे बड़ा हथियार है। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करवाएं। हांसी पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और नागरिकों से अपील करती है कि स्वयं जागरूक रहें तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर ठगी के नए तरीकों के बारे में जागरूक करें।