चंडीगढ़, 21 नवंबर 2026:- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मां अंबा की इस पवित्र धरती पर आस्था का नया अध्याय लिखा जा रहा है। यहां बनने वाला मंदिर कोई साधारण मंदिर नहीं होगा, बल्कि अयोध्या के भव्य श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की तर्ज पर बनाया जाएगा। मंदिर का निर्माण पूरा होने पर अंबाला आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को यहां अयोध्या की झलक मिलेगी और रामलला की अनुभूति होगी।

मुख्यमंत्री शनिवार को अंबाला शहर स्थित भगवान श्रीराम मंदिर परिसर में भूमि पूजन और शिलान्यास समारोह में पहुंचे। इस अवसर पर जूना पीठाधीश्वर आचार्य श्री अवधेशानंद जी महाराज की उपस्थिति में मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन किया गया। मुख्यमंत्री ने मंदिर निर्माण के लिए 51 लाख रुपये देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पूजनीय आचार्य श्री अवधेशानंद जी महाराज के आशीर्वाद से इस आयोजन की गरिमा और बढ़ गई है। किसी का धन, किसी की मेहनत और किसी की निस्वार्थ सेवा—जब ये तीनों मिलते हैं, तभी ऐसे पुण्य कार्य साकार होते हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि हमने अपनी आंखों के सामने रामलला के मंदिर को बनते देखा है। इसके लिए अनेक रामभक्तों ने संघर्ष किया और कई लोगों ने अपना जीवन इस संकल्प को समर्पित कर दिया। उन्होंने उन सभी के तप, त्याग और बलिदान को नमन किया।

उन्होंने कहा कि रामलला के मंदिर निर्माण के दौरान घर-घर दीपक जले, गांव-गांव में भजन गूंजे और जन-जन राममय हो गया। पिछले वर्ष 25 नवंबर को जब प्रधानमंत्री ने अयोध्या में भगवान श्रीरामलला मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वज फहराया, तो पूरे विश्व ने देखा कि भारत की आस्था कितनी अटूट है। प्रभु श्रीराम केवल अयोध्या तक सीमित नहीं हैं, वे कण-कण में और प्रत्येक भक्त के हृदय में विराजमान हैं। अयोध्या के भव्य मंदिर से मिली इसी प्रेरणा से आज अंबाला में यह मंदिर आकार ले रहा है।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रभु राम के जीवन से प्रेरणा लेकर हमें आगे बढ़ना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने ऐसे कार्य करके दिखाए हैं, जिनके बारे में पहले कोई सरकार सोच भी नहीं सकती थी। अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाना, तीन तलाक की कुप्रथा से मुक्ति और नक्सलवाद को जड़ से समाप्त करना ऐसे ही कार्य हैं, जिन्हें नरेंद्र मोदी ने करके दिखाया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत का जो सपना देखा है, उसे साकार करने के लिए हम सभी को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने मंदिर निर्माण के लिए दीवान मंगत राय रामा मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से जमीन उपलब्ध कराने की भी सराहना की। मुख्यमंत्री ने प्रभु राम से मंदिर निर्माण कार्य निर्विघ्न संपन्न होने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि अंबाला में बनने वाला यह मंदिर भव्य होगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए आस्था, संस्कार और सेवा का केंद्र बनेगा।

इस अवसर पर जूना पीठाधीश्वर आचार्य श्री अवधेशानंद जी महाराज ने मुख्यमंत्री की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सौम्य और सभ्य व्यक्तित्व के धनी, सिद्ध पुरुष तथा कर्मशील व्यक्ति हैं, जो अपने लक्ष्य के प्रति हमेशा प्रतिबद्ध रहते हैं। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को भव्य राम मंदिर के शिलान्यास की बधाई दी।

इस अवसर पर दीवान मंगत राय रामा मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट के मुख्य संरक्षक पवन जिंदल ने भी कार्यक्रम में पहुंचने पर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

इस मौके पर पूर्व राज्य मंत्री असीम गोयल, ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेश अग्रवाल, मेयर अक्षिता सैनी, हरियाणा एससी एवं एसटी आयोग की चेयरपर्सन बंतो कटारिया, संस्था के गणमान्य सदस्य और अन्य लोग उपस्थित रहे।