करनाल, 19 नवंबर (प्रवीण वालिया):- पुलिस अधीक्षक करनाल श्री करन गोयल, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन और दिशा-निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा चोरी की वारदातों में शामिल आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सीआईए-1 प्रभारी निरीक्षक संदीप सिंह के नेतृत्व में टीम ने कार का शीशा तोड़कर 39 लाख 20 हजार रुपये की नकदी चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशोक उर्फ मोहित पुत्र सतीश, निवासी गांव मुडलाना, थाना सदर गोहाना, जिला सोनीपत तथा पंकज उर्फ आलू उर्फ पीके पुत्र पवन, निवासी गांव अलेवा, थाना अलेवा, जिला जींद के रूप में हुई है।

पुलिस टीम ने माननीय अदालत से आरोपियों का एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया। उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई अपाचे मोटरसाइकिल तथा 34 लाख रुपये की नकदी बरामद की गई।

इस संबंध में शिकायतकर्ता प्रवीन गुप्ता ने पुलिस चौकी सेक्टर-4 करनाल में शिकायत दी थी कि नई अनाज मंडी करनाल में उनकी आढ़त की दुकान है। 3 नवंबर 2026 को वह बैंक से 39 लाख 20 हजार रुपये निकलवाकर अपनी दुकान पर लाए थे। उन्होंने नकदी से भरा बैग अपनी गाड़ी में रख दिया था। इसी दौरान शाम के समय दो अज्ञात व्यक्ति उनकी गाड़ी का शीशा तोड़कर नकदी से भरा बैग चोरी करके फरार हो गए।

शिकायत के आधार पर 4 नवंबर 2026 को थाना शहर करनाल में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

मामले की जांच के दौरान सीआईए-1 करनाल की टीम ने कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल दोनों आरोपियों को जिला जींद के गांव नगूरा से गिरफ्तार किया। 18 नवंबर 2026 को सीआईए-1 की टीम ने माननीय अदालत से आरोपियों का एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया। रिमांड के दौरान पुलिस टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई अपाचे मोटरसाइकिल तथा चोरी की गई नकदी में से 34 लाख रुपये बरामद किए।

आज रिमांड अवधि समाप्त होने पर दोनों आरोपियों को दोबारा माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से अदालत के आदेशानुसार उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया।