चंडीगढ़, 21 नवंबर:- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कुरुक्षेत्र में 120 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला विश्राम गृह प्रदेश का सबसे बड़ा आधुनिक विश्राम गृह होगा। इसके साथ ही उन्होंने ब्रह्मसरोवर के निकट पर्यटक पुलिस थाना भी जल्द खोलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पर्यटक पुलिस थाने का निर्माण 3 एकड़ भूमि पर किया जाएगा। थाने में 100 पुलिसकर्मियों और सहायक कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी। इन्हें विशेष रूप से व्यवहार कुशलता, सांस्कृतिक संवेदनशीलता और विभिन्न भाषाओं का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को ब्रह्मसरोवर के पश्चिमी तट पर लगभग साढ़े छह एकड़ में बनने वाले आधुनिक विश्राम गृह के शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह का भूमि पूजन किया। इसके बाद उन्होंने हरियाणा अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से खरीदी गई 26 रिकवरी वैन और कमांड एंड कंट्रोल वाहनों को हरी झंडी दिखाकर प्रदेश के लिए रवाना किया। इस अवसर पर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज और पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा भी उपस्थित रहे।
वित्त आयुक्त डॉ. सुमिता मिश्रा और लोक निर्माण (बी एंड आर) विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ए.के. सिंह ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कुरुक्षेत्र की पवित्र धरती में मर्यादा, मार्गदर्शन और महाभारत की अमर गाथा समाहित है। यहां रखी जाने वाली प्रत्येक नींव केवल ईंट और सीमेंट की नींव नहीं होती, बल्कि उसमें आस्था, संकल्प और जनसेवा की भावना भी जुड़ी होती है। उन्होंने कहा कि इन दोनों परियोजनाओं के माध्यम से कुरुक्षेत्र के विकास और प्रदेश की आपातकालीन सेवाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इसके लिए उन्होंने कुरुक्षेत्र सहित पूरे हरियाणा के नागरिकों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियां बढ़ रही हैं और ऊंची-ऊंची इमारतों का निर्माण हो रहा है। ऐसे में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की चुनौतियां भी बदल रही हैं। इन चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए खरीदे गए नए वाहन छोटे और बहुउपयोगी हैं।
उन्होंने बताया कि इन वाहनों में पोर्टेबल पंप, ब्रीदिंग अपरेटस और लाइटिंग टावर जैसे आवश्यक उपकरण उपलब्ध होंगे। बड़ी दुर्घटनाओं के दौरान ये वाहन घटनास्थल पर कमांड और कंट्रोल की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। इससे राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी आएगी और जान-माल के नुकसान को रोकने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने अग्निशमन कर्मियों के साहस और समर्पण की भी सराहना की।
उन्होंने कहा कि ब्रह्मसरोवर के पश्चिमी तट पर बनने वाला आधुनिक लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह लगभग दो लाख वर्ग फुट क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। इस परियोजना के तहत तीन भवनों का निर्माण होगा। इनमें पांच मंजिला मुख्य विश्राम गृह, कर्मचारियों और ड्राइवरों के लिए अलग विश्राम गृह तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लिए छह आवासीय क्वार्टर शामिल हैं। विश्राम गृह में आरामदायक कमरे, कॉन्फ्रेंस हॉल, कमेटी रूम, बहुउद्देशीय हॉल, रेस्टोरेंट, कैफेटेरिया, वेलनेस सेंटर और रूफटॉप डाइनिंग जैसी सुविधाएं होंगी। इसके बेसमेंट में लगभग 40 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को 24 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
**सरकार ने पिछले 12 वर्षों में शिक्षा, स्वास्थ्य और आधुनिक बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में कुरुक्षेत्र को नई पहचान दिलाई**
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कुरुक्षेत्र सदियों से आस्था और आध्यात्मिकता की नगरी रहा है। पिछले 12 वर्षों में सरकार ने इसे धार्मिक पहचान के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और आधुनिक बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में भी नई पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि देश का पहला आयुष विश्वविद्यालय, श्रीकृष्ण आयुष विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र में स्थापित है। उत्तर भारत का पहला राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान उमरी में बनाया गया है। रोहतक के बाद देश का दूसरा एलिवेटेड रेलवे ट्रैक कुरुक्षेत्र में लगभग 400 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 जुलाई को इसका उद्घाटन किया, जिससे शहर के पांच रेलवे फाटक हमेशा के लिए समाप्त हो गए और लोगों को बड़ी राहत मिली।
उन्होंने कहा कि गीता जयंती को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए हरियाणा अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती मेला प्राधिकरण का गठन किया गया है। इसके अलावा कुरुक्षेत्र की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए 28 किलोमीटर लंबा बाईपास भी बनाया जाएगा, जिसकी मंजूरी मिल चुकी है। यह बाईपास कैथल रोड से शुरू होकर राष्ट्रीय राजमार्ग-44 को पार करते हुए मथाना के निकट कुरुक्षेत्र-यमुनानगर रोड से जुड़ेगा।
**कुरुक्षेत्र को विश्वस्तरीय धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित कर रही है सरकार**
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज पूरा देश अपनी गौरवशाली विरासत पर गर्व कर रहा है। सोमनाथ, काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर, उज्जैन का महाकाल लोक और सागर में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी का भव्य स्मारक इसी सांस्कृतिक गौरव के प्रतीक हैं। इसी भावना के साथ राज्य सरकार कुरुक्षेत्र को विश्वस्तरीय धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार का मंत्र आस्था के साथ सुविधा, पर्यटन के साथ रोजगार और विरासत के साथ विकास है। जब कुरुक्षेत्र में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक आएंगे तो होटल संचालकों, दुकानदारों, छोटे व्यापारियों, टैक्सी और ऑटो चालकों, कारीगरों तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। कुरुक्षेत्र का विकास यहां के प्रत्येक परिवार की खुशहाली से जुड़ा हुआ है।
**कुरुक्षेत्र का महत्व और आकर्षण पूरी दुनिया में बढ़ा : ज्ञानानंद महाराज**
गीता मनीषी ज्ञानानंद महाराज ने कहा कि विश्व में कुरुक्षेत्र का महत्व और आकर्षण बढ़ा है। इसमें अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सवों की अहम भूमिका रही है। गीता के उपदेश के अलावा कुरुक्षेत्र का पौराणिक महत्व भी रहा है। अब गीता जयंती पर 40 लाख से 50 लाख तक श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में गीता स्थली कुरुक्षेत्र विश्वभर में आकर्षण का केंद्र बन गया है। इसे देखते हुए कुरुक्षेत्र को ऐसे विशाल रेस्ट हाउस की आवश्यकता थी। यह रेस्ट हाउस कुरुक्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात साबित होगा।
इस अवसर पर वित्त आयुक्त डॉ. सुमिता मिश्रा, लोक निर्माण (बी एंड आर) विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ए.के. सिंह, पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, चेयरमैन रविंदर सांगवान, चेयरमैन गुरनाम सिंह सैनी, चेयरमैन सुभाष कलसाना सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
