चंडीगढ़, 21 नवंबर:- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी महाराज ने पूरी मानवता को 'किरत करो, नाम जपो और वंड छको' का अनमोल संदेश दिया। उनके बड़े साहिबजादे बाबा श्री चंद जी महाराज ने त्याग और साधना का मार्ग अपनाकर समाज को आध्यात्मिक दिशा प्रदान की। गुरु साहिबानों की शिक्षाएं आज भी पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और गुरु साहिबानों की शिक्षाओं से जोड़ना हम सभी का कर्तव्य है, क्योंकि जो समाज अपने इतिहास को जानता है, वही अपने भविष्य का निर्माण कर सकता है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को कुरुक्षेत्र के लाडवा स्थित उदासीन श्री ब्रह्म अखाड़ा साहिब मंडी में बाबा श्री चंद महाराज के 532वें प्रकाश उत्सव पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की हजूरी में पहुंचकर माथा टेका। उदासीन श्री ब्रह्म अखाड़ा साहिब के संस्थापक बाबा गुरविंदर सिंह महाराज ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा और उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मानवता के महान सेवक बाबा श्री चंद महाराज के 532वें प्रकाश उत्सव पर सभी को हार्दिक बधाई दी और बाबा श्री चंद महाराज के चरणों में श्रद्धापूर्वक नमन किया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज के दौर में जब समाज अनेक चुनौतियों से गुजर रहा है और मनुष्य भौतिकवाद की दौड़ में उलझा हुआ है, ऐसे समय में गुरु साहिबानों की शिक्षाओं को अपनाना पहले से कहीं अधिक जरूरी हो गया है। श्री गुरु नानक देव जी ने पूरी मानवता को 'एक ओंकार' का संदेश दिया, जबकि श्री गुरु तेग बहादुर जी ने दूसरे धर्म की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। इन महान गुरुओं का जीवन हमें सिखाता है कि सत्य, सेवा और सहनशीलता ही समाज को एकजुट रखने का आधार हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरु साहिबानों के प्रकाश पर्वों और शहीदी दिवसों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान और पहचान दिलाने के लिए सराहनीय प्रयास किए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 5 जनवरी 2017 को पटना साहिब में श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के 350वें प्रकाश पर्व में शिरकत की। इसी तरह 9 नवंबर 2019 को करतारपुर साहिब गलियारे का उद्घाटन किया। श्री गुरु तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश पर्व पर लाल किले में स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी किए गए। इसके साथ ही साहिबजादों की शहादत को सम्मान देने के लिए 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि बाबा श्री चंद जी महाराज ने अपने जीवन से यह संदेश दिया कि त्याग और साधना का मार्ग भी समाज सेवा का मार्ग है। गुरु साहिबानों को याद करना केवल इतिहास को नमन करना नहीं है, बल्कि वर्तमान पीढ़ी को आपसी सम्मान, भाईचारे और मानवता का पाठ पढ़ाना भी है। सबका सम्मान ही सबकी उन्नति की नींव है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार ने भी गुरु साहिबानों के प्रकाश पर्वों और शहीदी दिवसों को हमेशा श्रद्धा और सम्मान के साथ राज्य स्तर पर मनाया है। वर्ष 2017 में श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का 350वां प्रकाश पर्व, वर्ष 2019 में श्री गुरु नानक देव जी का 550वां प्रकाश पर्व और वर्ष 2022 में पानीपत में श्री गुरु तेग बहादुर जी का 400वां प्रकाश पर्व राज्य स्तरीय कार्यक्रम के रूप में आयोजित किया गया।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस पर करनाल में 'हिंद दी चादर' मैराथन आयोजित की गई और बड़ा खालसा में राज्य स्तरीय समारोह हुआ। कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर में 25 नवंबर को विशाल समारोह आयोजित किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शिरकत की। इसी तरह हर वर्ष 26 दिसंबर को साहिबजादे बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह जी की शहादत को राज्य स्तर पर श्रद्धापूर्वक याद किया जाता है। वर्ष 2024 में कुरुक्षेत्र और वर्ष 2025 में पंचकूला में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुनानगर के ऐतिहासिक कपालमोचन में 20 नवंबर से पांच दिवसीय मेला शुरू हुआ है। यह मेला कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर कपालमोचन, ऋणमोचन और सूरजकुंड सरोवरों में स्नान की प्राचीन परंपरा से जुड़ा हुआ है। इस मेले में पंजाब, हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्री गुरु नानक देव जी और श्री गुरु गोबिंद सिंह जी भी इस पवित्र स्थान पर पधारे थे। श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक स्थलों की यात्रा को सुगम बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत हरियाणा के 60 वर्ष और इससे अधिक आयु के पात्र वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क तीर्थ यात्रा की सुविधा प्रदान की जा रही है। इस योजना में रेल यात्रा के साथ भोजन और ठहरने की व्यवस्था भी शामिल है, ताकि बुजुर्ग श्रद्धालु बिना किसी आर्थिक परेशानी के तीर्थ स्थलों के दर्शन कर सकें।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज का यह पवित्र समारोह सभी को सेवा, सादगी, त्याग और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए सभी सेवादारों, आयोजकों और संत समाज का दिल से धन्यवाद किया। उन्होंने वाहेगुरु जी से अरदास की कि इस मेले के माध्यम से समूची मानवता में प्रेम, सेवा, भाईचारे और एकता का प्रकाश फैले।
इस अवसर पर पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा, राजनीतिक सलाहकार भारत भूषण भारती, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन, उदासीन श्री ब्रह्म अखाड़ा साहिब के संस्थापक बाबा गुरविंदर सिंह महाराज, जिला परिषद चेयरपर्सन कंवलजीत कौर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और साध संगत मौजूद रहे।
