जालंधर-बहुजन समाज पार्टी पंजाब द्वारा जारी प्रेस नोट में कहा गया कि बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बहन कुमारी मायावती जी के आदेशानुसार एवं पंजाब हरियाणा चंडीगढ़ प्रभारी श्री रणधीर सिंह बैनीवाल जी के निर्देशानुसार बसपा लोक सभा जालंधर से एडवोकेट बलविंदर कुमार जी प्रत्याशी होंगे| केंद्रीय संयोजक श्री बैनीवाल जी ने कहा कि जल्द ही पंजाब की सभी सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी जाएगी, सभी उम्मीदवारों के पैनल पर अंतिम निर्णय बहन कुमारी मायावती जी ले रही हैं।
बसपा के प्रदेश अध्यक्ष जसवीर सिंह गढ़ी ने कहा कि जालंधर लोकसभा प्रत्याशी एडवोकेट बलविंदर कुमार विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के पंजाब के झूठे दलित चेहरों को बेनकाब करने का काम करेंगे। श्री बलविंदर जी बसपा पंजाब के वर्तमान महासचिव हैं और पिछले चार महीनों से लगातार लोकसभा प्रभारी के रूप में सक्रिय थे। इससे पहले वह 2017 और 2022 का विधानसभा चुनाव करतारपुर से लड़ चुके हैं, जबकि 2019 में लोकसभा जालंधर से 2 लाख 4 हजार वोट हासिल कर मुकाबले में छाए रहे थे। गढ़ी ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा फर्जी व झूठा दलित चेहरा पेश कर देश भर में दलित वर्ग को गुमराह किया है, जिसके खिलाफ पूरे पंजाब में बहुजन समाज पार्टी लड़ाई लड़ रही है।
पूरे दिन में यह दूसरा उम्मीदवार है जिसकी घोषणा आज की गई, इससे पहले सुबह श्री जगजीत छरबड की घोषणा पटियाला लोकसभा से की गई थी। इस प्रकार, बसपा ने कुल पांच उम्मीदवारों की घोषणा की है, जिनमें फिरोजपुर से श्री सुरिंदर कंबोज, होशियारपुर से श्री राकेश कुमार सुमन और संगरूर से डॉ. मक्खन सिंह शामिल हैं।
बलविंदर कुमार होंगे जालंधर लोकसभा से बसपा उम्मीदवार - रणधीर बेनीवाल/जसवीर सिंह गढ़ी
