होशियारपुर:- होशियारपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक ब्रम शंकर जिंपा ने बाबा चरण शाह डेरा से सटे रास्ते पर बनने वाली सड़क का शिलान्यास किया। इस सड़क के निर्माण पर करीब 14 लाख रुपए की लागत आएगी। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विधायक जिंपा ने बताया कि यह सड़क बहादुरपुर स्थित श्मशान घाट से श्री रामचरित मानस कार्यालय तक टाइल वाली बनाई जाएगी जबकि उसके आगे लुक वाली सड़क बनाई जाएगी, जिससे क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से चली आ रही समस्या से राहत मिलेगी।
विधायक जिंपा ने जानकारी देते हुए कहा कि सड़क निर्माण के साथ-साथ आवश्यक पाइपलाइन भी डाली जाएगी, ताकि भविष्य में पानी और सीवरेज से संबंधित किसी प्रकार की दिक्कत न आए। उन्होंने कहा कि यह सड़क न केवल बहादुरपुर के निवासियों के लिए बल्कि चांद नगर क्षेत्र के लोगों के लिए भी बेहद लाभकारी सिद्ध होगी। इस मार्ग के बन जाने से आवागमन सुगम होगा और श्रद्धालुओं व स्थानीय लोगों को सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक जिंपा ने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र का समग्र विकास है और जनता की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य तय समय सीमा में और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए।
इस अवसर पर डेरा बाबा चरण शाह के महंत रमिंदर दास ने विधायक जिंपा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सड़क के बनने से डेरा आने वाले श्रद्धालुओं और आसपास के लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।
शिलान्यास कार्यक्रम में होशियारपुर के मेयर सुरिंदर कुमार शिंदा, सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीण सैनी, पार्षद बलविंदर बिंदी, दृपन सैनी, निक्का सैनी, अनुराग सूद, राजा सहित कई गणमान्य व्यक्ति और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। सभी ने इस विकास कार्य का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया।