होशियारपुर- नगर निगम चुनाव में वार्ड नंबर 6 और 7 से विजयी हुए आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार राजेश्वर दयाल बब्बी और नरिंदर कौर ने आज रिटर्निंग अधिकारी तहसीलदार कुलवंत सिंह से अपने प्रमाण पत्र प्राप्त किए। रिटर्निंग अधिकारी से प्रमाण पत्र प्राप्त करते हुए पार्षद राजेश्वर दयाल बब्बी और पार्षद नरिंदर कौर ने मतदाताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि वे अपने वार्डों के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करवाने के अलावा कुछ समस्याओं का समय पर समाधान करवाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। 
उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने उन्हें चुनकर राज्य में आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा किए जा रहे अभूतपूर्व विकास और पार्टी की जनहितैषी नीतियों पर अपनी मुहर लगाई है। उन्होंने कहा कि वे मतदाताओं के हमेशा आभारी रहेंगे और उनकी उम्मीदों पर खरा उतरेंगे। 
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं विधायक ब्रह्म शंकर जिम्पा ने इस अवसर पर कहा कि पार्टी उम्मीदवारों को जिताने के लिए वह मतदाताओं के दिल से आभारी हैं और मतदाताओं की सेवा में हमेशा समर्पित रहेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार लगातार लोक हितैषी फैसले ले रही है, जिसकी लोगों द्वारा व्यापक सराहना की जा रही है। 
उन्होंने कहा कि लोगों के विकास के नाम पर आम आदमी पार्टी लगातार एक के बाद एक चुनाव जीत रही है और अब नगर निगम चुनावों में भी पार्टी उम्मीदवारों ने पूर्ण समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार होशियारपुर के सर्वपक्षीय विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, जिसके तहत कई परियोजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं और आने वाले दिनों में बड़े पैमाने पर विकास किया जाएगा। इस अवसर पर मेयर सुरिंदर कुमार शिंदा ने भी नवनिर्वाचित पार्षदों को बधाई दी।