होशियारपुर, 16 सितंबर:- ‘‘मुझ पर हमला पंजाब सरकार की शह पर भाड़े के कारिंदों द्वारा किया गया है। पंजाब पुलिस इस मामले में तुरंत इन शरारती तत्वों को गिरफ्तार करे और हमले के पीछे पूरी साजिश का पर्दाफाश करे।’’ ये शब्द भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला के हैं।
सांपला पर होशियारपुर जिले के विधानसभा क्षेत्र चब्बेवाल के गांव बाड़ियां कलां में उस समय कुछ लोगों ने हमला कर दिया, जब वह यहां डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा की बेअदबी के खिलाफ लगाए गए धरने में शामिल होने पहुंचे थे।
हमले के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए विजय सांपला ने कहा कि जब भी पंजाब में कोई बड़ा मुद्दा खड़ा होता है, तभी बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं की बेअदबी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आने लगती हैं। होशियारपुर में यह तीसरी-चौथी ऐसी घटना है। पंजाब में पिछले कुछ दिनों के दौरान भी ऐसी कई घटनाएं हो चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि जब एक तरफ संगरूर में गुलजार सिंह की आत्महत्या और मोहनजीत सिंह की हिरासत में कथित पिटाई जैसे मामलों को लेकर सरकार घिरी हुई है, उसी समय बाबा साहेब की प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ किसी गहरी साजिश की ओर इशारा करती है।
विजय सांपला ने कहा कि जिस मंच पर उन्हें निशाना बनाया गया, वहां भले ही बहुजन समाज पार्टी के झंडे लगे हुए थे, लेकिन उन्हें लगता है कि यह सब पंजाब सरकार की शह पर हुआ है, क्योंकि वहां मौजूद पुलिस मूकदर्शक बनी रही।
हालांकि, विजय सांपला ने यह भी स्पष्ट किया कि मंच पर बीएसपी के झंडे लगे हुए थे, इसलिए इस घटना की जिम्मेदारी उनकी भी बनती है।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने उन पर हमला किया, वे उन्हें व्यक्तिगत रूप से नहीं जानते हैं। लेकिन वे मंच का संचालन कर रहे थे। इसलिए वे स्थानीय पुलिस से अनजान नहीं होंगे। पुलिस को उन्हें तुरंत गिरफ्तार करना चाहिए।

घटना के दौरान क्या-क्या हुआ
विजय सांपला ने बताया कि 15 सितंबर को जब उन्हें बाड़ियां कलां में बाबा साहेब की प्रतिमा के साथ तोड़फोड़ की जानकारी मिली तो उन्होंने प्रशासन को सूचित किया और आज वहां पहुंचे। जब वह घटनास्थल पर पहुंचे तो मीडिया उनसे बातचीत करने के लिए वहां आ गया। इसी दौरान मंच संभाल रहे कुछ लोगों ने भाजपा और विजय सांपला के खिलाफ व्यक्तिगत नारे लगाए और आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं।
इसके बाद उन्होंने मौके पर मौजूद डीएसपी से माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे लोगों को रोकने के लिए कहा। डीएसपी ने इन लोगों को रोका भी। इसके बाद सांपला मंच के पास गए।
इसी दौरान मंच से कहा गया कि वे विजय सांपला से सवाल करना चाहते हैं। लेकिन जब वह मंच पर गए और माइक पर बोलने की कोशिश की तो उनके साथ धक्का-मुक्की की गई। एक व्यक्ति ने सामने से कुछ मारा, जबकि एक अन्य ने पीछे से हमला किया। हालांकि, पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें कवर कर लिया।