हांसी:– भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अशोक कनौजिया को भारत सरकार द्वारा उर्वरक विभाग में स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया गया है। नियुक्ति पर कनौजिया ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया और उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं कर्तव्यपरायणता के साथ निभाने का विश्वास दिलाया।
अशोक कनौजिया ने बताया कि केंद्र सरकार में उनके मंत्री जगत प्रकाश नड्डा होंगे तथा उन्हें आगामी कम से कम तीन वर्षों के लिए यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने अपनी नियुक्ति के लिए हरियाणा भाजपा के समस्त संगठन और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।
कनौजिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश की ऐसी पार्टी है, जो अपने कार्यकर्ताओं का सम्मान करती है और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर खरा उतरने का वह पूरा प्रयास करेंगे।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय से जुड़ी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए वह अपनी कार्यशैली और अनुभव के माध्यम से अधिक से अधिक जनहित के कार्य करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों और आम जनता से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्व को पूरी पारदर्शिता और समर्पण के साथ निभाएंगे।
अशोक कनौजिया बने उर्वरक विभाग में स्वतंत्र निदेशक केंद्रीय नेतृत्व का जताया आभार
