करनाल:- भारतीय सशस्त्र सेनाओं के पराक्रम और बलिदान को नमन करने का पवित्र पर्व सशस्त्र सेना झंडा दिवस है। इस अवसर पर करनाल के उपायुक्त उत्तम सिंह ने लघु सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में सैनिक एवं अर्ध-सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल ओपी शर्मा व उनकी टीम द्वारा गर्व के साथ झंडा लगवाया और सभी को झंडा दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
ओपी शर्मा व उनकी टीम ने जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय कुमार शारदा, सीटीएम मोनिका शर्मा सहित जिला के अन्य अधिकारियों को भी झंडा लगाया। उन्होंने उपायुक्त उत्तम सिंह के पिताजी को उपायुक्त आवास पर जाकर झंडा लगाया।
उपायुक्त श्री उत्तम सिंह ने भावुक स्वर में कहा कि हमारी थलसेना, नौसेना और वायुसेना ने जो गौरवशाली इतिहास रचा है, उसकी कोई सीमा नहीं। चाहे 1962, 1965, 1971, कारगिल हो या फिर गलवान घाटी, हर बार हमारे वीर जवानों ने मातृभूमि की रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। शांति के समय में भी वे सीमाओं पर डटे रहते हैं और जब प्रकृति प्रकोप लाती है, तो भी सबसे पहले यही जवान लोगों की जान बचाने दौड़ते हैं।
उन्होंने कहा कि जब हमारे जवान दुर्गम हिमालय की चोटियों पर, अथाह समुद्र में या रेगिस्तानों में देश की रक्षा कर रहे होते हैं, तब हमारा कर्तव्य बनता है कि उनके परिवारों का पूरा ख्याल रखें। जिन वीरों ने प्राण न्योछावर किए, उनके परिजनों और घायल सैनिकों को हर संभव सहायता मिले, इसी उद्देश्य से सशस्त्र सेना झंडा दिवस मनाया जाता है।
उपायुक्त ने विशेष रूप से हरियाणा के वीर सपूतों का गौरव गान करते हुए कहा कि हरियाणा का जवान भारतीय सेना का अभिमान है। सबसे ज्यादा परमवीर चक्र, अशोक चक्र और अन्य वीरता पदक हमारे प्रदेश के सैनिकों को मिले हैं।
इसलिए हम सबकी जिम्मेदारी कहीं अधिक बढ़ जाती है कि इस पवित्र कोष में उदारतापूर्वक अपना योगदान दें, ताकि कोई भी वीर सैनिक का परिवार या भूतपूर्व सैनिक आर्थिक तंगी का सामना न करे।
इस अवसर पर कल्याण व्यवस्थापक अनिल कुमार कथूरिया व मुकेश कुमार, प्रवीण, रमेश, कुलदीप व पवन मलिक सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहे। उपायुक्त ने सभी से अपील की कि आइए, इस सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर हम संकल्प लें कि हमारे वीरों के बलिदान को हम कभी व्यर्थ नहीं जाने देंगे और उनके परिवारों के चेहरों पर हमेशा मुस्कान बनाए रखेंगे।
सशस्त्र सेना झंडा दिवस उपायुक्त उत्तम सिंह ने दी श्रद्धांजलि देशवासियों से उदार दान की अपील
