होशियारपुर- जिला कांग्रेस कमेटी होशियारपुर ने जिला अध्यक्ष अरुण डोगरा मिक्की के नेतृत्व में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह व भाजपा के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया तथा पुतला फूंका। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीम राव अंबेडकर के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करके अमित शाह ने बहुत ही शर्मनाक काम किया है तथा उन्हें इसके लिए अविलंब माफी मांगनी चाहिए। 
उन्होंने कहा कि बाबा साहब देश के नायकों में से एक हैं। जिन्होंने संविधान की रचना की तथा उनके द्वारा दिए गए अधिकारों के कारण ही आज देश आगे बढ़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने अमित शाह व भाजपा की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि अमित शाह को बाबा साहब के बारे में बोलने से पहले सौ बार सोचना चाहिए था। इस दौरान एसएसपी विभाग के जिला चेयरमैन गुरदीप कटोच ने कहा कि अमित शाह की गलती अक्षम्य है तथा अमित शाह का समर्थन करके भाजपा ने भी बाबा साहब व उनके विचारों के प्रति अपना विरोध जताया है। 
उन्होंने कहा कि संविधान ने सभी देशवासियों को एकता के सूत्र में पिरोने का काम किया है, यह बाबा साहब की देन है और दुख की बात है कि भाजपा को इससे कोई सरोकार नहीं है। जिसके कारण भाजपा व उसके नेता न केवल प्रतिदिन संविधान विरोधी बयान देते हैं, बल्कि संविधान विरोधी नीतियों पर काम भी करते हैं। जिसके कारण देशवासियों में भारी रोष है। 
इस अवसर पर शहरी अध्यक्ष नवप्रीत राहिल, देहाती अध्यक्ष बलविंदर भट्टी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता, अश्वनी शर्मा इंटक प्रधान, महिंदरपाल शहरी अध्यक्ष एससी विभाग, पार्षद अशौर मेहरा, मीना शर्मा, आशा दत्ता, बलविंदर कौर, गुरमीत सिद्धू, विनीता शर्मा, डा. विश्वनाथ सिंह, राम कृपाल किशोर, सोहन सिंह, सुमल सिंह, रणजीत सिंह, सरवन सिंह, रजनीश टंडन, पुनीत शर्मा, बलविंदर कुमार, बलविंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।