होशियारपुर- पंजाब सरकार द्वारा राज्य में नशे के खात्मे के लिए शुरू की गई मुहिम के तहत आज सरकारी अस्पताल टांडा में सीनियर मेडिकल अफसर डॉ. करण कुमार सैनी के कुशल नेतृत्व में जागरूकता कैंप लगाया गया। इस अवसर पर भाई वरिंदर सिंह मसीती, स्टेट अवार्डी आई डोनर इंचार्ज टांडा और एसएचओ टांडा गुरिंदरजीत सिंह नागरा भी मौजूद थे। 
इस अवसर पर लोगों को जानकारी देते हुए डॉ. सैनी ने कहा कि पिछले कुछ समय में राज्य में नशा एक गंभीर समस्या बन गई है। इसलिए सरकार द्वारा इसके खात्मे के लिए बड़े स्तर पर मुहिम चलाई जा रही है ताकि राज्य को इस अनचाही बीमारी से निजात दिलाई जा सके। 
उन्होंने पूरे समाज खासकर युवाओं से अपील की कि वे नशे से ग्रसित लोगों को नशे से मुक्ति दिलाने के लिए दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ उनका पूरा सहयोग करें। उन्होंने कहा कि इस कार्य को अंजाम देने के लिए पुलिस प्रशासन और समाज सेवी संस्थाओं का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। 
डॉ. सैनी ने आगे कहा कि अगर कोई भी व्यक्ति नशे से छुटकारा पाना चाहता है तो वह सरकारी अस्पतालों में अपना इलाज मुफ्त करवा सकता है। इस अवसर पर अन्यों के अलावा डॉ. हरप्रीत सिंह, डॉ. शगुन, डॉ. करतार सिंह, डॉ. रचिता, अवतार सिंह बीईई, गुरजीत सिंह, कुलवीर सिंह, राजीव पाल और जतिंदर सिंह मौजूद थे।