होशियारपुर, 16 सितंबर:- जिला होशियारपुर के गांव बाड़ियां कलां में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से हुई कथित तोड़फोड़ के विरोध ने मंगलवार को हिंसक रूप ले लिया। श्रद्धांजलि सभा के दौरान भाजपा और बसपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। पहले तीखी नारेबाजी हुई, फिर मंच पर माइक को लेकर विवाद भड़का और देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय सांपला के साथ भी हाथापाई हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गांव में पहले से मौजूद बसपा कार्यकर्ता और ग्रामीण भाजपा के विरोध में नारे लगा रहे थे। इसी बीच विजय सांपला मंच पर पहुंचे और कथित तौर पर अपनी बात रखने के लिए माइक लेने लगे। यहीं से विवाद भड़क गया और माहौल पूरी तरह बेकाबू हो गया।

सांपला का आरोप: “मुझे बोलने नहीं दिया, माइक छीनने पर हमला हुआ”
विजय सांपला ने कहा कि वे केवल बाबा साहेब की प्रतिमा की बेअदबी के विरोध में पहुंचे थे और लोगों के सवालों का जवाब देना चाहते थे, लेकिन उन्हें माइक नहीं दिया गया। उनका आरोप है कि माइक लेने की कोशिश के दौरान उन पर हमला किया गया।

बसपा का पलटवार: “यह हमारा धरना था, BJP ने माहौल बिगाड़ा”
बसपा पंजाब प्रधान अवतार सिंह करीमपुरी ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि यह बसपा का कार्यक्रम था और भाजपा को वहां हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि विजय सांपला द्वारा कार्यकर्ता से माइक छीनने की कोशिश से तनाव बढ़ा।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, CCTV की जांच शुरू
डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। प्रतिमा स्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है तथा CCTV फुटेज के आधार पर तोड़फोड़ और झड़प दोनों मामलों की जांच की जा रही है।