पटियाला:- पर्यावरण संरक्षण गतिविधि संस्था द्वारा पटियाला शहर के वीर हकीकत राय स्कूल में एक संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें पटियाला शहर की पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सराहनीय काम करने वाली संस्थाओं के वरिष्ठ पदाधिकारी ने हिस्सा लिया। इस बैठक में श्री प्रवीण जी प्रांत संयोजक पर्यावरण संरक्षण गतिविधि और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक ने मुख्य वक्ता की भूमिका निभाई। इसी के साथ-साथ श्री बलजिंदर ठाकुर विभाग संघ चालक एवं पूर्व सदस्य मानवाधिकार आयोग ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। श्री अनिल खन्ना नगर संयोजक पर्यावरण संरक्षण संस्था ने कार्यक्रम संयोजक की भूमिका भी निभाई। इसी अवसर पर उनकी पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने के लिए पदोन्नत करके जिला पर्यावरण संरक्षण गतिविधि का ज़िला संयोजक नियुक्त किया गया। इस अवसर पर श्री अर्जुन जी जिला प्रचारक और श्री संदीप कश्यप जी विभाग संयोजक एवं अधिवक्ता ने भिन्न-भिन्न संस्थाओं से बैठक में पधारे महानुभावों का स्वागत और मार्गदर्शन किया। अंतर्राष्ट्रीय लेखक और शिक्षाशास्त्री अनिल कुमार भारती ने कार्यक्रम में मंच संचालक की भूमिका को बखूबी निभाया।
अपने स्वागती उद्बोधन में विभाग संयोजक एवं अधिवक्ता संदीप कश्यप जी ने पंजाब की सभी समाज सेवी और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने वाली संस्थाओं को आहवान किया कि वे सभी देश और दुनिया के  हित में आपस में मिलजुल कर कार्य करें। कार्यक्रम में सम्मिलित सभी संस्थाओं के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने इस आहवान पर मिलजुल कर कार्य करने के सुझाव का पुरजोर स्वागत किया और इसे पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक सराहनीय पहल बताया।
मुख्य वक्ता के रूप में पधारे श्री प्रवीण जी ने बताया कि गत वर्ष प्रयागराज में महाकुम्भ के अवसर पर डिस्पोजल प्लेटों, ग्लासों और चम्मच आदि के उपयोग को नकारते हुए लाखों की संख्या में स्टील के वर्तन बाँटे और प्रयोग में लाये गये। करोड़ों की संख्या में महाकुम्भ में पधारने वाले लोगों ने अपने पर्यावरण को बचाने के लिए प्रशंसनीय भूमा निभाई। उन्होंने अपने अपने घरों में प्लास्टिक की वस्तुओं का बिल्कुल भी प्रयोग ना करने, अपने अपने घरों में छोटे छोटे किचन गार्डन, होम गार्डन बनकर फूलों और फलों वाले पौधे/ पेड़ रोपित करने का संकल्प भी लिया।
इसी अवसर पर पूरे देश में चलाए जा रहे ' बीजारोपण से वृक्षारोपण अभियान ' में सभी ने बढ़ चढ कर भाग लेने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर जनहित समिति पंजीकृत पटियाला के जनरल सेक्रेट्री और स्टेट अवॉर्डी श्री विनोद शर्मा और जनहित समिति के संस्थापक सदस्य अनिल कुमार भारती, पटियाला सोशल वेलफेयर सोसायटी के प्रधान विजय गोयल, रिपुदमन जी प्रिंसिपल एसडीएसई सीनियर सेकेंडरी स्कूल पटियाला, जीवन गुप्ता दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान, गुरसेवक पुरी प्रधान एवं मोंगा जी सेवा भारती पटियाला से, प्रवीण झज्जर जी रिटायर्ड बैंक मैनेजर, अशोक कुमार मेहता रिटायर्ड एसडीओ इरिगेशन, श्री श्याम सुंदर जी इंचार्ज पटियाला, भारत विकास परिषद से मुकेश सिंगला, गुलशन कुमार, राजेश मित्तल और जगदीप सिंह, धर्म पाल शर्मा भारत तिब्बत सहयोग मंच, संजय धीर, आर के सिंधी आदि ने बैठक में सक्रिय रूप से भाग ले कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित महानुभावों को प्लास्टिक के लिफाफों का प्रयोग बंद करने की भावना को बल प्रदान करने के लिए कपड़े के थैले भी बांटे गए और इसके साथ साथ भारत विकास परिषद की ओर से श्यामा तुलसी के पौधे देकर पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करते रहने की प्रेरणा भी प्रदान की गई।