हांसी:– आम आदमी पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता की अध्यक्षता में प्रदेशभर में संगठन को मजबूत करने और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करने के लिए बैठकों का दौर जारी है। इसी कड़ी में हांसी जिले के सोरखी गांव में पार्टी के सक्रिय एवं ऊर्जावान कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकें आयोजित की गईं। 
इन बैठकों में पार्टी को धरातल पर मजबूत करने, आगामी लक्ष्यों को तय करने और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। बैठक के दौरान हांसी के सक्रिय कार्यकर्ताओं में अद्भुत जोश और उत्साह देखने को मिला। सोरखी पहुंचने पर हांसी जिला के पार्टी अध्यक्ष राजेन्द्र सोरखी व कार्यकर्ताओं ने डॉ. सुशील गुप्ता का जोरदार अभिनंदन किया।

*भाजपा सरकार और कानून-व्यवस्था पर बोला तीखा हमला*
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. सुशील गुप्ता ने राम मंदिर अयोध्या और मनसा देवी मंदिर पंचकूला में चढ़ावा लूट के मामले पर भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने सरकार की कड़े शब्दों में भर्त्सना करते हुए कहा कि सरकार इस महाघोटाले के बड़े डाकूओं पर कार्रवाई करने से कतरा रही है और उन्हें बचाने का प्रयास कर रही है।
 इसके साथ ही, उन्होंने हरियाणा के पानी के अधिकार का गंभीर मुद्दा उठाते हुए कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दबाव में आकर हरियाणा के हिस्से का पानी राजस्थान को दिया जा रहा है। आम आदमी पार्टी हरियाणा के हकों और इसके पानी के साथ किसी भी सूरत में ऐसा घिनौना खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी। हांसी के चानौत गांव वासियों की पानी की मांग का भरपूर समर्थन किया।

*हांसी में भी अपराधियों और नशे का बोलबाला : राजेन्द्र सोरखी*
हांसी के जिला अध्यक्ष राजेन्द्र सोरखी ने अपने संबोधन में प्रदेश की बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि सूबे के मुख्यमंत्री प्रदेश में सुरक्षा और कानून का राज बनाए रखने में पूरी तरह विफल साबित हुए हैं। आज हरियाणा में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, हर तरफ सरेआम फिरौतियां वसूली जा रही हैं और धमकियां दी जा रही हैं। प्रदेश की माताएं-बहनें और महिलाएं आज खुद को पूरी तरह असुरक्षित महसूस कर रही हैं। हांसी में भी अपराधियों और नशे का बोलबाला बढ़ता जा रहा है।

*कार्यकर्ताओं का जोश ही असली ताकत*
डॉ. सुशील गुप्ता ने हांसी बैठक में कार्यकर्ताओं की पीठ थपथपाते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं का यही जोश, लग्न और अटूट परिश्रम ही आम आदमी पार्टी की असली पूंजी और ताकत है। हांसी के कार्यकर्ताओं के उत्साह से साफ है कि जनता बदलाव के लिए तैयार है। आज नए संकल्प के साथ आगे बढऩे की रणनीति बन चुकी है और पार्टी जनता के हकों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ेगी।

*बैठक में उपस्थित मुख्य पदाधिकारी*
हांसी की इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य रुप से आम आदमी पार्टी हरियाणा के संगठन मंत्री अश्वनी दुल्हेड़ा, राजेन्द्र शर्मा, रामनाथ धुआरिया, हांसी के जिला अध्यक्ष राजेन्द्र सोरखी, युवा प्रदेश उपाध्यक्ष सचिन जैन, हांसी हल्का अध्यक्ष रमेश पानू, एक्स सर्विसमैन विंग जिला अध्यक्ष अजय शास्त्री, हांसी हल्के के युवा हल्का अध्यक्ष सुमेर मलिक , हल्का अध्यक्ष नारनौंद सुभाष लोहान, एससी विंग के जिला अध्यक्ष अजय कुमार सहित पार्टी के भारी संख्या में वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी व कर्मठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।