हांसी:- नागरिकों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए छाबड़ा चौक से उमर गेट तक नई सड़क के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस सड़क निर्माण कार्य का विधिवत उद्घाटन विधायक विनोद भयाना ने किया। इस परियोजना पर कुल 23 लाख 71 हजार रूपए की राशि खर्च की जाएगी।
शुभारंभ अवसर पर विधायक विनोद भयाना ने कहा कि शहर के सर्वांगीण विकास के लिए मजबूत और टिकाऊ सड़कें अत्यंत आवश्यक हैं। छाबड़ा चौक से उमरा गेट तक का यह मार्ग शहर का एक प्रमुख व व्यस्त मार्ग है, जिस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन, पैदल यात्री और व्यापारी आवाजाही करते हैं। उन्होंने कहा कि इस सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, जिसे देखते हुए इस सड़क के पुनर्निर्माण का निर्णय लिया गया है।
विधायक ने निर्माण कार्य से जुड़े विभागीय अधिकारियों और ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी । उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता युक्त सामग्री का ही उपयोग किया जाए, ताकि सड़क लंबे समय तक टिकाऊ बनी रहे और बार-बार मरम्मत की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से पहले नई सीवरेज लाइन भी बिछवाई जाएगी।
विधायक विनोद भयाना ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि जनता को मूलभूत सुविधाएं समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ उपलब्ध कराई जाएं। सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं होतीं, बल्कि ये शहर की आर्थिक गतिविधियों, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं से भी सीधे तौर पर जुड़ी होती हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कों से न केवल यातायात सुगम होता है, बल्कि दुर्घटनाओं में भी कमी आती है और समय की बचत होती है।
स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर विधायक विनोद भयाना का आभार व्यक्त किया।
विधायक ने मौके पर मौजूद लोगों को आश्वस्त किया कि भविष्य में भी क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों की श्रृंखला जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास और सहयोग से ही विकास संभव है और वे हमेशा जनसमस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहेंगे। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि निर्माण कार्य की नियमित निगरानी की जाए और किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
विधायक विनोद भयाना ने कहा कि हांसी का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और वे शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में संतुलित विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे। इस अवसर पर नगर परिषद के चेयरमेन प्रवीन ऐलावादी, तनुज खुराना,विनोद सैनी,सोनू जांगड़ा,श्याम खांडा,सुभाष यादव, चरणजीत गावड़ी,कृष्ण इलाहाबादी,तरुण अरोड़ा, राकेश भाटिया,बिट्टू सरदार, ताराचंद तथा क्षेत्र से अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
