मोहाली, 21 सितम्बर: ब्रह्माकुमारीज़ संस्था के सुख शांति भवन, फेज़ 7 मोहाली में आज नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत एक भव्य और प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 300 से अधिक लोगों ने भारत को नशा मुक्त बनाने की शपथ ली और स्वयं को इस पवित्र अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ राजयोग ध्यान की गहन अनुभूति से हुआ। इसके पश्चात् स्थानीय युवाओं ने एक प्रभावशाली स्किट प्रस्तुत की, जिसमें दिखाया गया कि नशे की आदत कैसे एक उज्ज्वल जीवन को अंधकार की ओर धकेल देती है, और कैसे आध्यात्मिक जागृति व राजयोग से व्यक्ति पुनः जीवन की सही दिशा पकड़ सकता है। दर्शकों ने इस प्रस्तुति की भरपूर सराहना की।
अध्यक्षता कर रही मोहाली-रोपड़ क्षेत्र की राजयोग केंद्रों की संचालिका ब्रह्माकुमारी प्रेमलता बहनजी ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा आज की भौतिकतावादी दुनिया में युवा वर्ग प्रलोभनों में फँसकर नशे की गिरफ्त में आ रहा है। यह स्थिति केवल बाहरी उपायों से नहीं सुधर सकती। इसके लिए आवश्यक है कि समाज को आध्यात्मिक ज्ञान और राजयोग ध्यान की
शक्ति से जोड़ा जाए। यही शक्ति युवाओं को आत्म-सम्मान, आत्म-नियंत्रण और जीवन की नई दिशा प्रदान कर सकती है।”
इस अवसर पर डॉ. लिज़ा ने युवाओं में नशे की आदत के कारण, उसके लक्षण तथा नशे से मुक्ति पाने की वैज्ञानिक और चिकित्सीय विधियों का विस्तारपूर्वक वर्णन किया। उन्होंने बताया कि यदि समय रहते चेतावनी संकेतों को पहचाना जाए, तो किसी भी युवा को नशे की जकड़न से बचाया जा सकता है। 
ब्रह्माकुमारी मीना बहन ने राजयोग की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित जनसमूह को इसका अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि निरंतर अभ्यास से मन की अस्थिरता, तनाव और लतों पर विजय पाई जा सकती है।
कार्यक्रम में श्री श्याम पेट्रो लिमिटेड के निर्देशक श्री राकेश गोयल ने अपने जीवन का अनुभव साझा करते हुए बताया कि कैसे राजयोग ने उन्हें नशों से दूरी बनाने और संतुलित जीवन जीने में मदद की। वहीं श्री प्रवीण अरोड़ा ने अपनी भावपूर्ण कविता के माध्यम से युवाओं को अपने माता-पिता के प्रति सम्मान और प्रेम का संदेश दिया।
कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण था बी.के. सात्विक भाई द्वारा सभी को एक स्वर में “नशा मुक्त भारत” बनाने की शपथ दिलाना। यह क्षण अत्यंत प्रेरणादायी रहा और पूरे हॉल में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ।
अंत में ब्रह्माकुमारी प्रेमलता बहनजी ने सभी उपस्थित लोगों का धन्यवाद करते हुए कहा कि नशा मुक्त समाज ही सशक्त और स्वस्थ भारत की नींव रख सकता है।
ब्रह्माकुमारी प्रेमलता