हिसार:- हरियाणा भारत विकास फाउंडेशन दिव्यांग पुनर्वास एवं स्वास्थ्य केंद्र में सेवार्थ भाव से निशुल्क नेत्र ऑपरेशन शिविर आयोजित किया गया। होली के उपलक्ष्य में आयोजित इस शिविर में अनुभवी व प्रशिक्षित चिकित्सकों ने आंखों के सफेद मोतियाबिंद से पीड़ित 20 जरूरतमंद बुजुर्गों के नेत्र ऑपरेशन निशुल्क किए। इस दौरान यथासंभव दवाइयां भी फ्री उपलब्ध करवाई गई।
  दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के अध्यक्ष डॉ. रोशनलाल गोयल, कार्यकारी अध्यक्ष सीए रामनिवास अग्रवाल व सचिव मांगेराम गुप्ता ने बताया कि भाविप हरियाणा भारत विकास फाउंडेशन दिव्यांग केंद्र द्वारा आयोजित शिविर में दानी सज्जनों का भरपूर सहयोग मिला। उन्होंने कहा कि दिव्यांग केंद्र पूरी तरह स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति समर्पित है। 
यहां पर नियमित रूप से निशुल्क नेत्र ऑपरेशन शिविर लगाया जाता है। इस शिविर का लाभ उठाने के लिए कोई भी जरूरतमंद बुजुर्ग किसी भी कार्यदिवस में बस स्टैंड के पास ऋषि नगर में स्थापित दिव्यांग केंद्र में निशुल्क पंजीकरण करवा सकता है।
  उन्होंने बताया कि दिव्यांग पुनर्वास केंद्र में नेत्र चिकित्सा सुविधा के साथ-साथ दंत चिकित्सा एवं फिजियोथेरेपी की सुविधा भी उपलब्ध है। यहां पर लाला देवीचंद ग्रोवर कृत्रिम अंग निर्माणशाला भी उपलब्ध है जिसमें कृत्रिम अंगों का निर्माण करके दिव्यांग बंधुओं को निशुल्क प्रदान किए जाते हैं। यहां पर मॉड्यूलर कृत्रिम अंग भी निर्मित जाते हैं। ये आधुनिक कृत्रिम अंग भी दिव्यांगजनों को निशुल्क उपलब्ध करवाए जाते हैं।